आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : सुप्रीम कोर्ट ने शराब घोटाला मामले में तिहाड़ में बंद AAP नेता संजय सिंह की याचिका पर ED को नोटिस भेजा है। संजय ने अपनी रिमांड और गिरफ्तारी को चुनौती देने वाली याचिका को खारिज करने वाले दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की थी। कोर्ट ने आज इसी याचिका की सुनवाई की।
इंडिगो फ्लाइट में पैसेंजर ने नशे की हालत में क्रू मेंबर के साथ दुर्व्यवहार किया
जयपुर से बेंगलुरु जा रही इंडिगो फ्लाइट में एक यात्री ने बदसलूकी की। एयरलाइन कंपनी इंडिगो ने सोमवार को बताया कि फ्लाइट में यात्री नशे की हालत में था, जिसके बाद उसे कई चेतावनियां दी गईं। इसके बावजूद उसने क्रू मेंबर के साथ दुर्व्यवहार किया। कंपनी की ओर से इसकी शिकायत दर्ज करवाई गई है।
बिहार के लखीसराय में अर्घ्य देकर लौट रहे परिवार पर फायरिंग, 2 भाइयों-1 बहन की मौत
बिहार के लखीसराय में सोमवार सुबह छठ का अर्घ्य देकर लौट रहे परिवार पर ताबड़तोड़ फायरिंग हुई है। परिवार के लोग पूजा करने के बाद घाट से घर जा रहे थे। घर से थोड़ी ही दूरी पर 6 लोगों को गोली मारी गई है।
फायरिंग में दो भाइयों और 1 बहन की मौत हो गई है। 3 गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों में दोनों मृतकों की पत्नियां और पिता शामिल हैं। सभी घायलों को बेगूसराय सदर अस्पताल से पटना रेफर कर दिया गया है।
विशाखापट्टनम फिशिंग हार्बर में आग लगी, 40 बोट जलीं
आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम में फिशिंग हार्बर में आग लग गई। सबसे पहले आग एक बोट में लगी, जो धीरे-धीरे 40 बोट तक फैल गई। कई फायर टेंडर्स ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। हादसे में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नोवाक जोकोविच ने 7वीं बार ATP टूर का फाइनल जीता, जैनिक सिनर को हराया
सर्बिया के टेनिस प्लेयर नोवाक जोकोविच ने इटली के जैनिक सिनर को सीधे सेटों में हराकर ATP टूर की सीजन-एंडिंग चैंपियनशिप जीती। दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी जोकोविच ने यह मैच 6-3, 6-3 से जीतकर अपना सातवां ATP फाइनल खिताब जीता। इससे पहले उन्होंने 2008, 2012, 2013, 2014, 2015, 2022 और 2023 में यह खिताब जीत चुके हैं।
ATP टूर मेंस टेनिस की सबसे बड़ी चैंपियनशिप में से एक हैं। ग्रैंड स्लैम के बाद ATP टूर में ही सबसे ज्यादा रेटिंग पॉइंट्स मिलते हैं। इसे टेनिस प्रोफेशनल्स एसोसिएशन मैनेज करती है।
महाराष्ट्र के हिंगोली में 3.5 तीव्रता का भूकंप
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (एनसीएस) के अनुसार सोमवार 20 नवंबर की सुबह 5.09 बजे महाराष्ट्र के हिंगोली में रिक्टर स्केल पर 3.5 तीव्रता का भूकंप आया। भूकंप की गहराई 5 किमी थी। इसका केंद्र हिंगोली में था।
कोविड योद्धाओं को इंदिरा गांधी शांति पुरस्कार
कोविड योद्धाओं को रविवार 19 नवंबर को 2022 के लिए इंदिरा गांधी शांति, निरस्त्रीकरण और विकास पुरस्कार से सम्मानित किया गया। पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी ने इंडियन मेडिकल एसोसिएशन और ट्रेंड नर्सेज एसोसिएशन को संयुक्त रूप से कोविड योद्धाओं के प्रतिनिधि के तौर पर पुरस्कार प्रदान किया।