आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : दिल्ली में वायु प्रदूषण लगातार खतरनाक स्तर पर बना हुआ है। हवा की क्वालिटी पिछले 8 दिनों से बेहद खराब है। सोमवार को यहां एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 470 दर्ज किया गया था। दिल्ली-NCR में बढ़ते प्रदूषण की समस्या पर सुप्रीम कोर्ट आज सुनवाई करेगा।
31 अक्टूबर को कोर्ट ने दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण पर चिंता जताई थी। कोर्ट ने दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान को निर्देश दिया था कि वे एक हफ्ते में हलफनामा दाखिल कर बताएं कि उन्होंने वायु गुणवत्ता सुधारने के लिए क्या कदम उठाए हैं। साथ ही कहा था कि कोर्ट इस बात की निगरानी करेगा कि मामले में क्या हो रहा है।
कोर्ट ने वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग दिल्ली एनसीआर रीजन (CAQM) की रिपोर्ट देखने के बाद चार्ट के रूप में और डिटेल्ड रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया था। साथ ही दिल्ली NCR रीजन के वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग से था कहा कि वह प्रदूषण की समस्या शुरू होने का ड्यूरेशन और AQI के साथ खेतों में पराली जलाने की जमीनी स्थिति बताते हुए सारी चीजें चार्ट के रूप में पेश करे।
प्रदूषण पर जनहित याचिका खारिज
सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में प्रदूषण के आकलन के लिए जिला स्तर पर एक स्थायी विशेषज्ञ समिति गठित करने की मांग वाली जनहित याचिका दाखिल हुई। हालांकि, कोर्ट ने इस याचिका पर विचार करने से इनकार कर दिया।
CJI डी वाई चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली बेंच ने कहा कि यह पूरी तरह से नीतिगत मामला है। उन्होंने कहा, ‘क्या आपको लगता है कि अगर देश भर के सभी जिलों में समितियां होंगी तो प्रदूषण खत्म हो जाएगा। बाद में याचिकाकर्ता के वकील ने जनहित याचिका वापस ले ली।
देश में प्रदूषण का हाल बयां करतीं 3 तस्वीरें…
दिल्ली की हवा सामान्य से 20 गुना ज्यादा प्रदूषित, 13 से 20 नवंबर तक ऑड-ईवन, 10 नवंबर तक स्कूल बंद
सोमवार को दिल्ली का ऐवरेज एयर क्वालिटी इंडेक्स यानी AQI 470 दर्ज किया गया था। WHO के मुताबिक 0 से 50 के बीच का AQI सुरक्षित माना गया है। इस हिसाब से एवरेज AQI 25 होना चाहिए। यानी इस समय दिल्ली की हवा WHO की तय सीमा से 20 गुना ज्यादा प्रदूषित है।
दिल्ली में एयर क्वालिटी क्रिटिकल यानी खतरनाक स्तर पर पहुंचने के बाद पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने 13 से 20 नवंबर तक गाड़ियों के लिए ऑड-ईवन सिस्टम लागू करने का ऐलान किया है। इसमें दीपावली के अगले दिन से एक हफ्ते के लिए ऑड-ईवन फॉर्मूला लागू करने का फैसला किया गया।
प्रदूषण को देखते हुए दिल्ली सरकार गैर जरूरी कंस्ट्रक्शन, BS-3 कैटेगरी वाले पेट्रोल और BS-4 कैटेगरी वाले डीजल वाहनों पर पहले ही रोक लगा चुकी है। वहीं पांचवी तक के स्कूलों को 10 नवंबर तक बंद करने का आदेश दिया गया था।
क्या है ऑड-ईवन फॉर्मूला
दिल्ली सरकार ने प्रदूषण को कम करने के लिए 2016 में पहली बार ऑड-ईवन सिस्टम लागू किया था। इसमें हफ्ते के एक दिन ऑड नंबर वाले फोर व्हीलर चलते हैं और अगले दिन ईवन नंबर वाले। ऑड-ईवन के दायरे से टू व्हीलर को बाहर रखा गया है। ईवन नंबर यानी जो 2 से डिवाइड हो जाएगी, जैसे- 2, 4, 6, 8, 10…। जबकि ऑड मतलब जो 2 से डिवाइड नहीं होगी, जैसे 1, 3, 5, 7, 9…।