आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : गरीब बच्चों को मुफ्त शिक्षा के लिए एक दशक से कार्यरत गांधी नगर स्थित सनशाइन कोचिंग क्लासेस एवं यशोदा पब्लिक स्कूल का वार्षिकोत्सव रविवार को धूमधाम के साथ मनाया गया। एक शाम खुशियों के नाम थीम पर स्कूल और कोचिंग के नन्हें मुन्नें बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुतियां देकर सभी का मनमोह लिया। इस अवसर पर प्रतियोगिताओं और परीक्षाओं में अव्वल आने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में विधायक रामेश्वर शर्मा, डाॅ. कृपा शंकर, राजू मीणा, सूरज नामदेव कार्यक्रम में शामिल हुए।

रामेश्वर शर्मा ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि- हार का यह मतलब नहीं है कि अपने जीवन को समाप्त कर लो। जीवन में जीत हार चलती है लेकिन जो हार कर भी चलता है उसे जीवन में सफलता अवश्य मिलती है। कोशिश करने वालों की हार कभी नहीं होती है इसलिए अच्छे संस्कार, अच्छी शिक्षा ग्रहण करना चाहिए।

किशोर न्याय बोर्ड के सदस्य डाॅ. शंकर ने बच्चों को किशोरों के लिए बने कानून की जानकारी दी साथ ही जीवन में आगे बढ़ने के लिए मार्गदर्शन भी दिया। कई अभिभावकों ने बच्चों की पढ़ाई और मोबाइल की लत को लेकर डॉ. शंकर से प्रश्न किए। जिस पर उन्होंने अभिभावकों को समझाया कि बच्चों को किस तरह से पढ़ाई कराना चाहिए और मोबाइल से कैसे दूर रखें। बता दें कि डाॅ. शंकर बाल कल्याण समिति भोपाल के सदस्य भी रह चुके हैं।