सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : आंचलिक विज्ञान केन्द्र, भोपाल (रा. वि. सं. प. की एक इकाई) द्वारा विज्ञान के लोकप्रियकरण एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण के प्रसार के उद्देश्य से संचालित भ्रमणशील (चलायमान) विज्ञान प्रदर्शनी कार्यक्रम के अंतर्गत दो विज्ञान प्रदर्शनी बसों को मध्यप्रदेश के आगर मालवा एवं हरदा जिलों के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इन बसों को डॉ. सतानंद मिश्रा, वरिष्ठ वैज्ञानिक, वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद् – उन्नत पदार्थ एवं प्रक्रम अनुसंधान संस्थान, भोपाल (सीएसआईआर–एएमपीआरआई) तथा आंचलिक विज्ञान केन्द्र, भोपाल की स्थानीय सलाहकार समिति के सदस्य द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
भ्रमणशील विज्ञान प्रदर्शनी कार्यक्रम विशेष रूप से मध्यप्रदेश के दूरस्थ एवं ग्रामीण विद्यालयों के विद्यार्थियों तक विज्ञान को सरल, रोचक एवं अनुभवात्मक रूप में पहुँचाने के उद्देश्य से संचालित किया जाता है। यह पहल उन विद्यालयों के लिए विशेष रूप से उपयोगी है, जहाँ के विद्यार्थियों के लिए आंचलिक विज्ञान केन्द्र, भोपाल का भ्रमण कर पाना कठिन होता है।
भ्रमणशील विज्ञान प्रदर्शनी मूलतः "पहियों पर विज्ञान प्रदर्शनी" की अवधारणा पर आधारित है। इसमें विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के विभिन्न विषयों पर आधारित इंटरैक्टिव एवं आकर्षक प्रदर्श, वैज्ञानिक मॉडल तथा विज्ञान गतिविधियों को एक विशेष रूप से डिज़ाइन की गई बस में स्थापित किया गया है। यह बसें विभिन्न जिलों के विद्यालयों में पहुँचकर विद्यार्थियों को विज्ञान के सिद्धांतों को प्रत्यक्ष अनुभव के माध्यम से समझने का अवसर प्रदान करती हैं।

आगर मालवा एवं हरदा जिले के निर्धारित विद्यालयों में आगामी दिनों में इन विज्ञान बसों के माध्यम से विद्यार्थियों को विज्ञान के विविध विषयों पर आधारित प्रदर्शों का अवलोकन, विज्ञान गतिविधियों में सहभागिता तथा वैज्ञानिक अवधारणाओं को सहज एवं रोचक तरीके से समझने का अवसर प्राप्त होगा। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा, नवाचार एवं विज्ञान के प्रति रुचि का विकास करना है।
इस अवसर पर डॉ. सतानंद मिश्रा ने कहा कि विज्ञान को समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक पहुँचाना समय की आवश्यकता है। भ्रमणशील विज्ञान प्रदर्शनी जैसी पहलें विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने के साथ-साथ उन्हें विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के प्रति प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
आंचलिक विज्ञान केन्द्र, भोपाल द्वारा संचालित यह कार्यक्रम विज्ञान के लोकप्रियकरण तथा दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक गुणवत्तापूर्ण विज्ञान शिक्षा पहुँचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है।
Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #Desksource #रदर #एनएन #टवर #DeskSource #आईट #यकरण #रमणश