सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्कआईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मशहूर लेखिका और समाज सेविका सुधा मूर्ति को राज्यसभा के लिए नॉमिनेट किया गया है। सुधा मूर्ति मशहूर बिजनेसमैन और इंफोसिस के को-फाउंडर नारायण मूर्ति की पत्नी हैं। ब्रिटेन के पीएम ऋषि सुनक उनके दामाद हैं।

PM नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार (8 मार्च) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इसकी जानकारी दी। PM ने अपने पोस्ट में लिखा- भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सुधा मूर्ति को राज्यसभा के लिए मनोनीत किया है। राज्यसभा में उनकी मौजूदगी नारी शक्ति का शक्तिशाली प्रमाण है। सामाजिक कार्य, परोपकार और शिक्षा के क्षेत्र में उनका योगदान प्रेरणादायक रहा है।

राज्यसभा में नॉमिनेट होने के बाद सुधा मूर्ति ने कहा- मैं खुश हूं, लेकिन अब मुझे लग रहा है कि मुझ पर बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। पीएम मोदी ने पहले भी मेरे काम की तारीफ की है। मैं उन्हें धन्यवाद कहना चाहती हूं। मुझे खुशी है कि अब मुझे गरीबों की मदद करने के लिए बड़ा प्लेटफॉर्म मिल रहा है।

मुझे नहीं लगता कि मैं अपने आपको पॉलिटिशियन मानती हूं। मैं नॉमिनेटेड राज्यसभा मेंबर हूं। मेरे दामाद की राजनीति उसके देश के लिए अलग है और मेरा काम अलग है।

पद्म भूषण और पद्म श्री से सम्मानित हो चुकी हैं मूर्ति

सुधा को कन्नड़ और अंग्रेजी साहित्य में उनके योगदान के लिए जाना जाता है। उन्होंने विभिन्न शैलियों में 30 से अधिक किताबें लिखी हैं। उनकी किताबों का कई भाषाओं में अनुवाद किया गया है। उनकी कुछ प्रसिद्ध किताबों में द मदर आई नेवर न्यू, थ्री थाउजेंड स्टिचेस, द मैन फ्रॉम द एग और मैजिक ऑफ द लॉस्ट टेम्पल शामिल हैं।

सुधा की कई किताबें उनके वास्तविक जीवन के अनुभवों पर आधारित हैं। सुधा लेखिका के अलावा एक टीचर और इंफोसिस फाउंडेशन की पूर्व अध्यक्ष रह चुकी हैं। सुधा मूर्ति को सामाजिक कार्यों के लिए 2006 में पद्म श्री और 2023 में भारत के तीसरे सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार पद्म भूषण से सम्मानित किया जा चुका है।

सुधा मूर्ति का जन्म 19 अगस्त 1950 को कर्नाटक के हावेरी में एक ब्राह्मण परिवार में हुआ था। उनके पिता आरएच कुलकर्णी सर्जन थे। उनकी मां विमला कुलकर्णी स्कूल टीचर थीं। माता-पिता और नाना-नानी ने उनकी परवरिश की।

सुधा मूर्ति ने साल 1978 में नारायण मूर्ति से शादी की थी। इनके दो बच्चे- अक्षता मूर्ति और रोहन मूर्ति हैं। अक्षता मूर्ति ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक की पत्नी हैं। रोहन मूर्ति अमेरिका बेस्ड सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट फर्म सोरोको (Soroco) के फाउंडर हैं।