मुंबई । भारतीय शेयर बाजार ने इस सप्‍ताह की शुरुआत से जारी गिरावट पर बुधवार को काबू पा लिया और तेजी के साथ खुला। सेंसेक्‍स एक बार फिर 54 हजार के ऊपर चला गया है, जबकि निफ्टी में भी तेजी दिखी है। सेंसेक्‍स सुबह 343 अंकों की जोरदार बढ़त के साथ 54,210 पर खुला जबकि निफ्टी 74 अंक चढ़कर 16,128 पर खुला और कारोबार शुरू किया।

निवेशकों ने लगातार खरीदारी बनाए रखी है, जिससे बाजार में तेजी बरकरार है। सुबह सेंसेक्‍स में 250 अंकों की बढ़त के साथ 54,147 पर कारोबार कर रहा था, जबकि निफ्टी 60 अंकों के उछाल के साथ 16,116 पर था। निवेशकों ने आज शुरुआत से ही ए‎शियान पेंट, एलएंडटी, एचयूएल, बीपीसीएल, एसबीआई, पावर ‎ग्रिड, एनटीपीसी और इंफो‎सिस जैसी कंपनियों पर दांव लगाया।

इन शेयरों में आज 1.7 फीसदी तक उछाल दिख रहा है और लगातार खरीदारी से ये टॉप गेनर की सूची में आ गए। इसके अलावा बीपीसीएल, ग्रे‎सिम, ‎ब्रिटे‎निया और टाटा मोटर्स के शेयरों में भी तेजी दिख रही है। दूसरी ओर ओरएनजीस, एचसीएल टेक्नोलाजी, डॉ रेडडी लैब, टाइटन, टेक म‎हिंद्रा, एचडीएफसी बैंक के स्‍टॉक्‍स में शुरुआत से ही बिकवाली दिखी और ये शेयर टॉप लूजर की श्रेणी में चले गए।

बाजार में आज के कारोबार को सेक्‍टरवार देखें तो निफ्टी पीएसबी के इंडेक्‍स में एक फीसदी की तेजी दिख रही है, जबकि एफएमसीजी, रियल्‍टी व अन्‍य सेक्‍टर में भी आज बढ़त दिखी है। केयर रे‎टिंग में शेयर बाई बैक की घोषणा के बाद आज शुरुआती कारोबार में ही 8 फीसदी का तगड़ा उछाल दिख रहा है। एशिया के ज्‍यादातर बाजारों में आज सुबह तेजी दिख रही है और हरे निशान पर कारोबार हो रहा। सिंगापुर स्‍टॉक एक्‍सचेंज पर आज सुबह 0.29 फीसदी की तेजी दिख रही तो जापान का निक्‍केई 0.49 फीसदी के उछाल पर कारोबार कर रहा है।