आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : दिल्ली के पूर्व डिप्टी CM मनीष सिसोदिया, शनिवार (11 नवंबर) सुबह 10 बजे बीमार पत्नी सीमा से मिलने घर पहुंच गए हैं। वे शाम को 4 बजे तक रहेंगे। इसके बाद उन्हें वापस तिहाड़ जेल जाना होगा।
सिसोदिया ने 9 नवंबर को राउज एवेन्यु कोर्ट में याचिका दाखिल कर बीमार पत्नी से मिलने के लिए 5 दिनों का समय मांगा था। कोर्ट ने उन्हें केवल एक दिन के लिए पत्नी सीमा से मिलने की इजाजत दे दी थी।
कोर्ट ने मनीष को निर्देश दिया है कि इस दौरान वे मीडिया या किसी अन्य राजनेता से नहीं मिलेंगे, न ही कोई बयान जारी करेंगे। इससे पहले वे जून 2023 में गिरफ्तारी के 103 दिन बाद घर आए थे।
मनीष जिस घर में पहुंचे हैं, वहां फिलहाल दिल्ली की वर्तमान शिक्षा मंत्री आतिशी रह रही हैं, मनीष के इस्तीफे के बाद यह घर आतिशी को अलॉट कर दिया गया है।
मल्टीपल स्केलेरोसिस से पीड़ित हैं सीमा सिसोदिया
मनीष सिसोदिया की पत्नी सीमा सिसोदिया मल्टीपल स्केलेरोसिस नाम की बीमारी से पीड़ित हैं। मल्टीपल स्केलेरोसिस एक न्यूरोलॉजिकल बीमारी है। इसमें दिमागी नसों की कवरिंग किसी वजह से निकल जाती है। यह सेंट्रल नर्वस सिस्टम को प्रभावित करता है। इस वजह से कई तरह की दिक्कतें आने लगती हैं। कई बार बॉडी पार्ट्स सुन्न पड़ जाते हैं या आपस में कोऑर्डिनेट नहीं कर पाते। इस बीमारी से पीड़ित व्यक्ति डिप्रेशन का भी शिकार हो सकता है।
जून में जब घर पहुंचे थे तो पत्नी हॉस्पिटल में थीं
जून में जब सिसोदिया को पत्नी से मिलने की परमिशन मिली थी, तब वे उनसे नहीं मिल सके थे। सिसोदिया के घर पहुंचने से पहले ही उनकी पत्नी की तबीयत ज्यादा खराब हो गई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। कोर्ट ने उन्हें हॉस्पिटल जाने की परमिशन नहीं दी थी। इस वजह से जमानत मिलने के बावजूद सिसोदिया अपनी पत्नी से नहीं मिल सके और 7 घंटे बाद वापस तिहाड़ जेल पहुंच गए थे।
259 दिन से जेल में हैं सिसोदिया; सुप्रीम कोर्ट से भी जमानत नहीं मिली
शराब नीति घोटाले में मनीष सिसोदिया को CBI ने 26 फरवरी को गिरफ्तार किया था। सिसोदिया ने 1 मार्च 2023 को दिल्ली के डिप्टी CM पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्हें तिहाड़ जेल में कैद हुए 259 दिन हो चुके हैं। 30 अक्टूबर को सिसोदिया की जमानत याचिका सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दी थी।
जस्टिस संजीव खन्ना और जस्टिस एसवीएन भट्टी की बेंच ने कहा था कि घोटाले से जुड़े कई सवालों के जवाब अभी नहीं मिले हैं। इनमें 338 करोड़ का लेन-देन हुआ है, जिसमें सिसोदिया की भूमिका संदिग्ध लग रही है।
कोर्ट ने जांच एजेंसियों को भी निर्देश दिया कि ट्रायल 6 से 8 महीने में पूरा करें। अगर ट्रायल में देर होती है तो सिसोदिया जमानत के लिए 3 महीने के अंदर दोबारा अपील कर सकते हैं।