आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : हिमाचल के शिमला में सोमवार सुबह एक पिकअप गहरी खाई में गिर गई। जिसमें 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। सभी घायलों को सुन्नी अस्पताल लाया गया। जहां प्राथमिक उपचार देने के बाद सभी को IGMC शिमला रेफर किया गया है। हादसा सुन्नी से लगभग 20 किलोमीटर दूर कड़ारघाट में हुआ।
मृतकों की पहचान पहचान फरीद दिदड़ (24) पुत्र गुला दिदड़, गुलाम हसन (43) पुत्र जलालू दीन, शबीर अहमद पुत्र बशीर अहमद और तालीब (23) पुत्र शफी के तौर पर हुई है। चारों मृतक जम्मू कश्मीर के ब्लटैंणू नाग के रहने वाले थे। इस हादसे में घायल 5 अन्य भी जम्मू कश्मीर के इसी गांव के निवासी हैं।
तीन ने मौके पर तोड़ा दाम, चौथे व्यक्ति की अस्पताल में मौत
कड़ारघाट से पिकअप गाड़ी कश्मीरी मजदूरों को लेकर मंडी की ओर जा रही थी। सुन्नी को किंगल से जोड़ने वाले लिंक रोड पर सुबह 7 बजे अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस स्थानीय लोगों की मदद से खाई में गिरी पिकअप से निकालकर घायलों को सड़क पर लाई। यहां से सभी को सुन्नी अस्पताल पहुंचाया।
तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि चौथे व्यक्ति ने सुन्नी अस्पताल में आखिरी सांस ली। पुलिस शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम करवा रही है। इसके बाद उन्हें परिजनों को सौंपा जाएगा।
ये हुए घायल
इस हादसे में पिकअप चालक रणजीत कंवर पुत्र प्रताप सिंह निवासी बसंतपुर सुन्नी, असलम चैची निवासी बैरी नाग अनंतनाग कश्मीर, तालीब हुसैन ब्लटैंणू नाग जम्मू कश्मीर, गुलजार ब्लटैंणू नाग जम्मू कश्मीर, आकाश कुमार निवासी काल मदरूस विकासनगर देहरादून उत्तराखंड, अजय ठाकुर निवासी देवी कांगू सुंदरनगर मंडी, मुस्ताक ब्लटैंणू नाग जम्मू कश्मीर, मंजूर अहमद निवासी ब्लटैंणू नाग जम्मू कश्मीर को गंभीर चोटें आई हैं।