आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : बैरसिया विकासखंड के ग्राम गंगा पिपलिया में पदस्थ शिक्षिका सुमित्रा साहू के साथ उसी ग्राम के दबंगों द्वारा मारपीट किए जाने के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी हो गई है। घटना के बाद शासकीय शिक्षक संगठन के प्रतिनिधि बैरसिया के एसडीएम विनोद सोनकिया और थाना प्रभारी नरेंद्र कुलस्ते से मिले थे और आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। अब आरोपियों की गिरफ्तारी होने पर प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम और थाना प्रभारी से मिलकर धन्यवाद दिया है।

शासकीय शिक्षक संगठन के उपेंद्र कौशल ने बताया कि 20 सितंबर को पालक-शिक्षक संघ की बैठक के दौरान आरोपियों ने शिक्षिका से अभद्रता की थी। कौशल ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से शिक्षिका का तबादला अन्य स्कूल में करने के लिए ज्ञापन सौंपा है। वहीं संगठन की मांग पर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रतिनिधिमंडल में संगठन के उपेंद्र कौशल, जितेंद्र शाक्य, प्रमोद तिवारी, राजेश साहू, राजेंद्र गुप्ता, राकेश धनकर, नितेश नागर आदि शामिल थे।