सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क– इंटीग्रेटेड ट्रेड- न्यूज़ भोपाल: एमक्योर फार्मास्युटिकल्स ने शेयर बाजार में मचाई धूम, पहले दिन ही जबरदस्त उछाल
फार्मा कंपनी एमक्योर फार्मास्युटिकल्स ने शेयर बाजार में धमाकेदार शुरुआत की है। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज में बुधवार को कंपनी के शेयर 31.45 प्रतिशत के प्रीमियम के साथ 1325.05 रुपये पर लिस्ट हुए, वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) में भी यही भाव रहा। आईपीओ में कंपनी के शेयर की कीमत 1008 रुपये तय की गई थी। एमक्योर फार्मा के आईपीओ में शार्क टैंक जज और एमक्योर फार्मा की होल-टाइम डायरेक्टर नमिता थापर को शानदार मुनाफा हुआ है।
नमिता थापर की 127 करोड़ की बंपर कमाई
शार्क टैंक की जज और एमक्योर फार्मास्युटिकल्स की प्रमोटर ग्रुप सदस्य नमिता थापर ने आईपीओ के जरिए करीब 127 करोड़ रुपये का लाभ अर्जित किया। नमिता ने 3.44 रुपये प्रति शेयर के औसत मूल्य पर एमक्योर के शेयर खरीदे थे। आईपीओ के ऑफर फॉर सेल (OFS) में करीब 12.68 लाख शेयर बेचे गए। आईपीओ का अपर प्राइस बैंड 1008 रुपये था, जिससे नमिता को लगभग 127 करोड़ रुपये का फायदा हुआ। इकनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, मार्च 2024 तक नमिता थापर के पास कंपनी के लगभग 63 लाख शेयर थे, जो उनकी 3.5 प्रतिशत हिस्सेदारी है।
शानदार लिस्टिंग के बाद शेयरों ने पकड़ी रफ्तार
मजबूत लिस्टिंग के बाद एमक्योर फार्मास्युटिकल्स के शेयरों में तेजी देखी गई। कंपनी के शेयर बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) में 3 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 1384 रुपये पर पहुंचे। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) में यह 1385 रुपये के उच्चतम स्तर पर पहुंच गए। एमक्योर फार्मा का आईपीओ 3 जुलाई को खुला था और 5 जुलाई 2024 तक सब्सक्रिप्शन के लिए उपलब्ध रहा।
67 गुना सब्सक्रिप्शन के साथ हिट हुआ एमक्योर फार्मा का आईपीओ
एमक्योर फार्मास्युटिकल्स के आईपीओ को कुल 67.87 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। रिटेल इनवेस्टर्स का कोटा 7.36 गुना सब्सक्राइब हुआ, जबकि नॉन-इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) कैटेगरी में 49.32 गुना दांव लगा। क्वॉलीफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) कैटेगरी में यह सब्सक्रिप्शन 191.24 गुना तक पहुंच गया।
इस धमाकेदार प्रदर्शन ने एमक्योर फार्मास्युटिकल्स को शेयर बाजार में एक मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया है, जिससे इसके प्रमोटर्स और निवेशकों को भारी मुनाफा हुआ है।