ITDC India e-Press / Agencies

मध्य भारत के पहले कौशल विश्वविद्यालय, स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी, भोपाल में इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस का शुभारंभ हुआ। यह सम्मेलन नवोन्मेष 2026 के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है, जिसमें देश-विदेश के वैज्ञानिक, शोधार्थी, शिक्षाविद और उद्यमी एआई के विभिन्न पहलुओं पर विचार साझा कर रहे हैं। उद्घाटन सत्र में आईसेक्ट समूह के चेयरमैन एवं रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति संतोष चौबे और आरएनटीयू के कुलगुरु आर.पी. दुबे प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। मुख्य वक्ता के रूप में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस, बेंगलुरु के प्रोफेसर सुरेश सुंदरम और ए-स्टार्स इंस्टीट्यूट फॉर इंफोकॉम रिसर्च, सिंगापुर की प्रिंसिपल साइंटिस्ट सविथा रामास्वामी ने अपने विचार साझा किए। रामास्वामी ने एआई के वर्तमान और भविष्य के उपयोगों पर विस्तार से चर्चा की और इसे मानव निर्णय प्रक्रिया को सटीक बनाने वाला प्रभावी उपकरण बताया।

उन्होंने हेल्थकेयर, मैन्युफैक्चरिंग, परिवहन, ऊर्जा और अनुसंधान क्षेत्रों में एआई के अनुप्रयोगों पर प्रकाश डाला और इसके विकास क्रम को रूल-बेस्ड एआई से एजेंटिक एआई तक समझाया। प्रोफेसर सुंदरम ने एआई इन ऑटोनोमस व्हीकल्स विषय पर चर्चा करते हुए स्वायत्त वाहनों में सेफ और प्रेडिक्टिव मोशन प्लानिंग की चुनौतियों और संभावनाओं को बताया। उन्होंने मल्टी-सेंसर सिस्टम और भविष्य में फाउंडेशन मॉडल्स एवं मल्टी-मोडैलिटी आधारित एआई की भूमिका को उजागर किया। संतोष चौबे ने एआई को वर्तमान का सशक्त उपकरण बताया और विश्वविद्यालय द्वारा स्थापित एआई मिशन का परिचय दिया, जिसका लक्ष्य अगले तीन वर्षों में एक करोड़ युवाओं को प्रशिक्षित करना है। गूगल की रीजनल मैनेजर सुश्री पद्मावती ने शिक्षा में एआई के योगदान और आईसेक्ट समूह के प्रयासों की सराहना की। सत्र में स्कोप ग्लोबल स्किल्स यूनिवर्सिटी के कुलगुरु विजय सिंह और कुलसचिव सितेश कुमार सिन्हा ने स्वागत और आभार व्यक्त किए। इसके बाद प्लीनरी सेशंस और तकनीकी सत्र आयोजित किए गए, जिनमें भारत, सिंगापुर, जर्मनी, मलेशिया, यूएई, कोसोवो, वियतनाम और ऑस्ट्रेलिया के विशेषज्ञों ने एआई के विभिन्न आयामों पर प्रेजेंटेशन दिए और शोध पेपर साझा किए। यह सम्मेलन एआई में वैश्विक सहयोग, नवाचार और शोध को बढ़ावा देने का एक महत्वपूर्ण मंच साबित हो रहा है।

#स्कोपग्लोबलस्किल्सयूनिवर्सिटी #कृत्रिमबुद्धिमत्ता #एआईसम्मेलन #भोपाल #प्रौद्योगिकी #मशीनलर्निंग #डिजिटलनवाचार #तकनीकीशिक्षा #एआईसम्मेलन2026 #शिक्षाटेक्नोलॉजी