आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को तेलंगाना सरकार की राज्यपाल के खिलाफ शिकायत पर सुनवाई हुई। तेलंगाना सरकार की पैरवी सीनियर वकील दुष्यंत दवे कर रहे थे और केंद्र की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता दलीलें दे रहे थे।

इस दौरान दोनों एक-दूसरे से लड़ पड़े। दुष्यंत दवे ने कहा कि 40 साल में इतना खराब सॉलिसिटर जनरल नहीं देखा। तुषार मेहता ने जवाब दिया कि मैं इनकी तरह नहीं चिल्ला सकता। इस तरह की टिप्पणियों पर चीफ जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ ने दोनों को हिदायत दी कि कोर्ट का माहौल ना बिगाड़ें। इसके बाद दोनों वकीलों ने CJI को सॉरी कहा।

  1. तेलंगाना सरकार की याचिका

CJI डीवाई चंद्रचूड़ और जस्टिस पीएस नरसिम्हा की बेंच में तेलंगाना सरकार की याचिका पर सुनवाई चल रही थी। याचिका में तेलंगाना की राज्यपाल तमिलिसाई सौंदर्यराजन पर विधानसभा से पारित हो चुके 10 बिलों को लंबे वक्‍त से दबा कर बैठे रहने की शिकायत की गई थी।

  1. केंद्र और तेलंगाना की दलीलें

दुष्यंत दवे ने कहा, “राज्‍यों की चुनी हुई सरकारें राज्यपाल की दया पर नहीं छोड़ी जा सकतीं। मध्य प्रदेश और गुजरात के राज्यपाल, जहां भाजपा की सरकारें हैं, महीने भर के भीतर बिल क्लियर कर देते हैं। ऐसा गैर भाजपा शासित राज्यों में नहीं होता।

SG तुषार मेहता बोले- बिल तुरंत पास हों यह जरूरी नहीं।

  1. सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी

CJI डीवाई चंद्रचूड़ ने हिदायत दी कि ये ध्यान रखा जाए कि सरकारों के बिल गवर्नर लंबे समय तक न लटकाएं। जब तुषार मेहता ने कहा कि यह जरूरी नहीं है, तब CJI ने सख्त लहजे में कहा कि ये बात मैं तेलंगाना के लिए नहीं कह रहा हूं। ये सभी के लिए है। इस बात को दिमाग में रखें कि सरकारों के बिल तुरंत पास होने चाहिए।

दवे-मेहता की बहस- निचला स्तर, एलर्जी, माहौल खराब जैसे शब्द बोले गए

तुषार मेहता ने कहा- मैं तेलंगाना के वकील जितना चिल्‍ला नहीं सकता।’

दुष्यंत दवे ने ऊंची आवाज में जवाब दिया, ‘मैं चिल्ला रहा हूं? ये केंद्र सरकार के लॉ अफसर हैं। इनको मुझसे एलर्जी है। मुझे भी आपसे एलर्जी है। सरकार को खुश करने के लिए ये बेहद निचले स्तर तक गिर चुके हैं। जैसी हरकत ये कर रहे हैं, वैसी मैंने 40 साल में नहीं देखी।

CJI चंद्रचूड़ ने हिदायत दी कोर्ट को निजी विवाद निपटाने की जगह न बनाए। जो मसला है, उस पर बहस करें तो ज्यादा बेहतर रहेगा। मेरी या किसी की भी कोर्ट का माहौल खराब न करें।

तुषार मेहता और दवे ने CJI को सॉरी कहा। तुषार मेहता ने कहा कि वो आगे इसका ध्यान रखेंगे। इस पर भी दवे ने तंज कसा- कम से कम आपने माना तो कि आप कोर्ट का माहौल खराब कर रहे थे।