नई दिल्ली । जर्मनी के सुहल में नौ से 20 मई तक होने वाली अंतरराष्ट्रीय जूनियर निशानेबाजी विश्वकप के लिए भारतीय दल में सौरभ चौधरी और मनु भाकर सहित 51 सदस्य रहेंगे। राष्ट्रीय राइफल संघ (एनआरएआई) इसमें उतरने वाले गैर ओलंपिक स्पर्धा के 14 निशानेबाजों का खर्चा उठाएगा।

एनआरएआई महासचिव के सुलतान सिंह ने कहा, ‘‘शीर्ष तीन रैंकिंग के आधार पर एनआरएआई ने 51 निशानेबाजों का चयन किया था। इनमें से ओलंपिक स्पर्धाओं के 37 निशानेबाजों का प्रायोजन भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) करेगा जबकि गैर ओलंपिक स्पर्धाओं के 14 निशानेबाजों का प्रायोजन एआरएआई करेगा।

’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमारा मानना है कि कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय अनुभव मिलने से इन खिलाड़ियों को भविष्य में ओलंपिक स्पर्धाओं के लिए कौशल विकसित करने में सहायता मिलेगी। पहले भी ऐसे ही कई मामले देखे गये हैं। साथ ही आप नहीं बता सकते कि भविष्य में कौन सी स्पर्धा ओलंपिक का हिस्सा होगी।’’ भारतीय दल के साथ कोच, फिजियो और ट्रेनर भी भेजे जाएंगे।