आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : संसद के शीतकालीन सत्र का मंगलवार (5 दिसंबर) को दूसरा दिन है। दूसरे दिन महुआ मोइत्रा पर एथिक्स कमेटी की रिपोर्ट पेश की जाएगी। इस मुद्दे पर सोमवार को जमकर हंगामा हुआ, लेकिन चर्चा नहीं हो सकी। हालांकि, सेंट्रल यूनिवर्सिटीज और एडवोकेट अमेंडमेंट बिल जरूर टेबल किए गए।

उधर, I.N.D.I.A ब्लॉक पार्टियों के नेता राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे के चेंबर में मंगलवार सुबह मीटिंग हुई। संसद का यह सत्र 22 दिसंबर तक चलने वाला है, जिसमें 15 बैठकों में करीब 21 बिल पेश किए जाने हैं। यह 17वीं लोकसभा का आखिरी सत्र है।

दूसरे दिन की कार्यवाही शुरू होने से पहले बयान

EVM पर फारूक अब्दुल्ला- जब ये मशीन लाई गई थी, तब मैं मुख्यमंत्री था। तब मैंने चुनाव आयोग से पूछा था कि क्या इसे हैक किया जा सकता है। चुनाव आयोग ने कहा था- हां, यह संभव है। अगर ये सही है तो फिर लोगों का भरोसा कैसे बना रह सकता है।

विपक्ष पर BJP की लॉकेट चटर्जी- उनकी खुद की कोई पॉलिसी नहीं है। वे खुद के फायदे के लिए एकजुट (INDIA गठबंधन) हुए हैं। विधानसभा चुनावों में भाजपा को जो भारी जीत मिली है, ये लोग 2024 में होने वाले आम चुनावों को लेकर डरे हुए हैं।

महुआ मोइत्रा पर JMM की महुआ माझी- ये सच है कि महुआ मोइत्रा का हैरेसमेंट हुआ। उन पर लगाए आरोप साबित नहीं हुए। मामला खोदा पहाड़, निकली चुहिया जैसा निकला। सांसद का आईपी एड्रेस और पासवर्ड को लेकर कोई नियम नहीं है। अगर नियम हो और कोई तोड़े तो एक्शन लिया जा सकता है।

कांग्रेस की अपील- महुआ को जवाब देने का मौका मिले

संसद के पहले दिन की कार्यवाही खत्म होने के बाद कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि महुआ मोइत्रा को परेशान करने और निशाना बनाने की एक राजनीतिक साजिश हुई है। हम इसका विरोध करेंगे। सरकार उन्हें निलंबित या निष्कासित करेगी। हम एथिक्स कमेटी की रिपोर्ट पर चर्चा चाहते हैं। हम चाहते हैं कि महुआ मोइत्रा को उन पर लगाए गए आरोपों का जवाब देने का मौका मिले।

4 दिसंबर को लोकसभा-राज्यसभा में क्या हुआ

लोकसभा में 2 बिल पेश हुए

पहले दिन लोकसभा की कार्रवाई शुरू होते ही मोदी-मोदी के नारे लगे।

लोकसभा में सेंट्रल यूनिवर्सिटीज (अमेंडमेंट) बिल 2023 लोकसभा में पेश हुआ। एजुकेशन मिनिस्टर धर्मेंद्र प्रधान ने इस बिल को पेश किया।

अधिवक्ता संशोधन विधेयक 2023 लोकसभा में पेश हुआ। अर्जुन राम मेघवाल ने इस बिल पर चर्चा शुरू की। यह बिल पारित भी हो गया। राज्यसभा में इसे पहले ही पास किया जा चुका है।

राज्यसभा से एक बिल पास हुआ

राज्यसभा में पोस्ट ऑफिस बिल 2023 पेश किया गया और पारित भी हो गया।

राज्यसभा में राघव चड्ढा का स्पेंशन भी वापस ले लिया गया। 115 दिन बाद उनका निलंबन हटा है।

केंद्र ने राज्यसभा को बताया कि 2015 से PMY-U के तहत 1.18 करोड़ घर स्वीकृत हुए हैं।

सत्र की शुरुआत से पहले PM बोले- हार का गुस्सा सदन में न निकालें

लोकसभा में PM नरेंद्र मोदी के पहुंचते ही NDA के सांसदों ने उनका जोरदार स्वागत किया। सांसदों ने नारे लगाए- बार-बार मोदी सरकार। तीसरी बार मोदी सरकार। सत्र शुरू होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विपक्ष से अपील की। उन्होंने कहा कि बाहर मिली पराजय का गुस्सा सदन में मत निकालिए। सदन में सकारात्मक चर्चा कीजिए।