सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्कआईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: कलकत्ता हाईकोर्ट ने संदेशखाली मामले में भाजपा को कोलकाता मैदान में धरना देने की परमिशन दे दी है। कोर्ट ने भाजपा को महात्मा गांधी की प्रतिमा के नीचे 28 और 29 फरवरी को प्रोटेस्ट करने की अनुमति दी है।

कोर्ट ने प्रदर्शन के दौरान लाउडस्पीकर का इस्तेमाल न करने का निर्देश दिया। साथ ही शर्त लगाते हुए कहा कि इसमें 150 से ज्यादा लोग नहीं होने चाहिए।

BJP का आरोप था कि संदेशखाली में हुए यौन उत्पीड़न और जमीन हड़पने के मामले में TMC सरकार प्रदर्शन नहीं करने दे रही है। इसी के बाद पार्टी ने हाईकोर्ट का रुख किया था।

दरअसल, संदेशखाली में महिलाओं ने TMC नेता शाहजहां शेख पर यौन उत्पीड़न और जमीन हड़पने के गंभीर आरोप लगाए थे। महिलाओं का कहना है कि शाहजहां शेख जिसे चाहे उसे अपनी हवस का शिकार बनाता था। शाहजहां शेख राशन घोटाला मामले में ED के रेड के बाद से फरार है।

हाईकोर्ट ने बंगाल सरकार को फटकारा, कहा- शाहजहां को गिरफ्तार करो

​​​​​संदेशखाली में हुए यौन उत्पीड़न के मामलों का मुख्य आरोपी तृणमूल नेता शाहजहां शेख 5 जनवरी से फरार है। उसकी गिरफ्तारी को लेकर लीपापोती कर रही राज्य सरकार को कोलकाता हाईकोर्ट ने सोमवार को फिर फटकार लगाई। चीफ जस्टिस टीएस शिवज्ञानम ने आदेश दिया कि पुलिस हर हाल में अगली सुनवाई में शाहजहां को कोर्ट में पेश करे। उसकी गिरफ्तारी पर कोई स्टे नहीं है।

कोर्ट ने हैरानी जताई कि संदेशखाली में अत्याचार की घटनाओं की सूचना 4 साल पहले पुलिस को दी गई थी। यौन उत्पीड़न समेत 42 मामले हैं, लेकिन उनमें चार्जशीट दायर करने में चार साल लगा दिए गए। कोर्ट ने आदेश दिया कि 4 मार्च की सुनवाई में CBI, ED, शाहजहां शेख, पुलिस अधीक्षक और बंगाल सरकार के प्रतिनिधि कोर्ट में मौजूद रहें।

TMC बोली- 7 दिन में अरेस्ट कर लेंगे

हाईकोर्ट की फटकार के बाद तृणमूल प्रवक्ता कुणाल घोष ने कहा कि पुलिस 7 दिन में शाहजहां शेख को गिरफ्तार कर लेगी। साथ ही पुलिस ने संदेशखाली थाने में शाहजहां के खिलाफ नए सिरे से FIR दर्ज की। उस पर तीन मामले दर्ज हैं।

स्मृति ईरानी ने कहा- राहुल गांधी ने इस मामले में अब तक कुछ नहीं कहा

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि संदेशखाली में जो हुआ वह किसी भी भारतीय की समझ से परे है। राहुल गांधी पर किए अपने कमेंट में स्मृति ने कहा- कांग्रेस के लोग संदेशखाली जाकर बात करना चाहते हैं, लेकिन शहजादा जो अभी भी राजनीति के चक्रव्यूह में खोए हुए हैं, उन्होंने इस मामले पर एक शब्द भी नहीं कहा है। क्या आप कल्पना कर सकते हैं कि जिन महिलाओं ने सालों तक ममता का समर्थन किया, आज उन्हें घरों से किडनैप कर उनका रेप किया जा रहा है।