आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : चैटजीपीटी बनाने वाली कंपनी OpenAI के को-फाउंडर सैम ऑल्टमैन और ग्रेग ब्रॉकमैन का माइक्रोसॉफ्ट में जाना अभी भी तय नहीं है। उन्हें निकालने वाले बोर्ड मेंबर अगर पद छोड़ देते हैं तो इन दोनों की वापसी हो सकती है। द वर्ज ने इसे लेकर एक रिपोर्ट पब्लिश की है।

OpenAI से ऑल्टमैन और ब्रॉकमैन को निकाले जाने के बाद सोमवार को माइक्रोसॉफ्ट CEO सत्या नडेला ने कहा था कि उनकी कंपनी दोनों को हायर कर रही है। ये माइक्रोसॉफ्ट की नई एडवांस AI रिसर्च टीम को लीड करेंगे। इनके अलावा कुछ कर्मचारी भी जॉइन करेंगे।

कर्मचारी तय करें कि क्या वे माइक्रोसॉफ्ट जॉइन करना चाहते हैं

ऑल्टमैन के माइक्रोसॉफ्ट में शामिल होने को लेकर सत्या नडेला ने CNBC से भी बात की। इसमें नडेला से सीधा सवाल किया गया कि क्या सैम और openAi के 700 कर्मचारी माइक्रोसॉफ्ट में शामिल होंगे? नडेला ने कहा- ‘यह OpenAI बोर्ड, मैनेजमेंट और कर्मचारियों को चुनना है।

मैं दोनों विकल्पों के लिए तैयार हूं। माइक्रोसॉफ्ट लगातार इनोवेशन करना चाहता है। इसके लिए उसने OpenAI के साथ एक्सक्लूसिव पार्टनशरशिप की है।’ वहीं माइक्रोसॉफ्ट की OpenAI के बोर्ड में सीट पर कहा-यह साफ है कि गवर्नेंस में कुछ बदलाव होना चाहिए।

OpenAI एम्प्लॉइज ने बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स से पद छोड़ने को कहा

OpenAI से ऑल्टमैन को निकाले जाने के बाद वहां के एम्प्लॉइज ने कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स से पद छोड़ने को कहा है। ऐसा नहीं करने पर 700 में से 505 एम्प्लॉइज ने सामूहिक रूप से इस्तीफा देने की धमकी दी है। इस्तीफे की धमकी देने वालों में बोर्ड मेंबर इल्या सुतस्केवर और चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर (CTO) मीरा मुराती भी शामिल है।

इल्या सुतस्केवर ने ही ऑल्टमैन को वीडियो कॉल पर उन्हें निकाले जाने की जानकारी दी थी। वहीं मीरा मुराती को बोर्ड ने ऑल्टमैन को निकाले जाने के बाद अंतरिम CEO की जिम्मेदारी दी थी। हालांकि कंपनी ने सोमवार को ट्विच के पूर्व CEO एम्मेट शियर को OpenAI में अंतरिम CEO बना दिया। CNN ने इस्तीफे की धमकी देने से जुड़ा लेटर X पर पोस्ट किया है।

एम्मेट शियर वीडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म ट्विच के को-फाउंडर हैं

1983 में जन्मे एम्मेट शियर एक अमेरिकी हैं। शियर ने 2005 में येल यूनिवर्सिटी से कंप्यूटर साइंस में ग्रेजुएशन किया था।

शियर ने 2003 में लाइव वीडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म ट्विच बनाया था और अगस्त 2011 में इस कंपनी के CEO बने थे।

2014 में अमेजन ने करीब 8 हजार करोड़ रुपए में ट्विच खरीद लिया। मार्च 2023 में शियर ने CEO पद से इस्तीफा दे दिया।

पूरा मामले समझें…

OpenAI के फाउंडर और CEO सैम ऑल्टमैन को शुक्रवार 17 नवंबर को अचानक कंपनी से निकाल दिया गया। बोर्ड ने कहा कि अब उन्हें ऑल्टमैन की काबिलियत पर भरोसा नहीं है। चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर (CTO) मीरा मुराती अब अंतरिम CEO की भूमिका निभाएंगी। कंपनी के को-फाउंडर और प्रेसिडेंट ग्रेग ब्रॉकमैन को भी पद छोड़ने के लिए कहा गया।

सैम को बोर्ड मेंबर इल्या सुतस्केवर से एक टेक्स्ट मिला था जिसमें उनसे शुक्रवार दोपहर बात करने के लिए कहा गया था। सैम गूगल मीट में शामिल हुए और इल्या ने सैम को बताया कि उन्हें नौकरी से निकाला जा रहा है। इल्या ने ग्रेग ब्रॉकमैन को भी एक अलग गूगल मीट में उन्हें बोर्ड से हटाने की जानकारी दी थी। इसके बाद ग्रेग ने इस्तीफा दे दिया था।

सैम को निकाले जाने के बाद OpenAI के कई एम्प्लॉइज और इन्वेस्टर्स ने उन्हें वापस लाने के लिए बोर्ड पर दबाव बनाया। दबाव के कारण ऑल्टमैन और ब्रॉकमैन को 19 नवंबर को कंपनी के सैन फ्रांसिस्को मुख्यालय बुलाया गया। ऑल्टमैन ने OpenAI गेस्ट बैज पहने हुए अपनी एक तस्वीर शेयर की और कैप्शन दिया: पहली और आखिरी बार मैंने इनमें से एक को पहना है।