आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मशहूर बिजनेसमैन सुब्रत रॉय सहारा (75) का मुंबई में मंगलवार देर रात निधन हो गया है। सहारा परिवार के मुखिया सुब्रत रॉय काफी दिनों से गंभीर रूप से बीमार थे और उनका इलाज मुंबई के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। उनके पार्थिव शरीर को चार्टर प्लेन से लखनऊ एयरपोर्ट लाया गया है। कल सुबह 10 बजे बैकुंठ धाम में अंतिम संस्कार होगा।।

सहारा इंड‍िया की तरफ से बताया गया क‍ि सुब्रत रॉय सहारा को मेटास्टैटिक स्‍ट्रोक, हाई ब्‍लड प्रेशर और डायब‍िटीज की समस्‍याओं थी। कार्डियोरेस्पिरेटरी अरेस्ट के कारण 14 नवंबर 2023 को रात 10.30 बजे उनका निधन हो गया। वे 12 नवंबर से कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल और मेडिकल रिसर्च इंस्टीट्यूट (केडीएएच) में भर्ती थे।

सुब्रत रॉय के निधन पर बॉलीवुड एक्टर अनुपम खेर ने कहा- ‘सुब्रत रॉय जी के निधन के बारे में जानकर दुख हुआ! अलग-अलग मौकों पर उनसे कई बार मुलाकात हुई! वह हमेशा मदद के लिए तैयार रहते थे। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे! ओम शांति!

पीवी सिंधु बोलीं- निधन की खबर से दिल टूट गया

भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ने लिखा, ‘सहाराश्री सुब्रत रॉय के निधन के बारे में जानकर दिल टूट गया। रेस्ट इन पीस डियर अंकल। जब भी मैं लखनऊ आई, आपके और आंटी के साथ बिताए गए समय की यादें संजोकर रखीं। इस कठिन समय में स्वप्ना आंटी, परिवार और विस्तारित सहारा परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं।’

जमानत पर थे सुब्रत रॉय

पटना हाईकोर्ट में सहारा इंडिया के खिलाफ लोगों के पैसों का कई सालों से भुगतान नहीं करने का एक मामला चल रहा है। लोगों ने ये पैसे कंपनी की कई स्कीमों में लगाए थे। इस केस में पटना हाईकोर्ट के गिरफ्तारी के आदेश पर सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगा दी थी। साथ ही उनके खिलाफ आगे किसी तरह की कार्रवाई को लेकर यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया था।

सुब्रत रॉय के खिलाफ इसी तरह का एक मामला सुप्रीम कोर्ट में भी पहले से चल रहा है। वे जमानत पर बाहर थे। वहीं, निवेशकों के पैसे लौटाने को लेकर सहारा इंडिया का दावा है कि वह सारी रकम सेबी के पास जमा करा चुकी है।

कॉमन फ्रेंड के जरिए हुई थी पत्नी से मुलाकात

सुब्रत रॉय 10 जून, 1948 को अररिया, बिहार में जन्मे थे। उनके पिता का नाम सुधीर चंद्र रॉय और माता का नाम छवि है। उनकी स्कूली शिक्षा होली चाइल्ड स्कूल से हुई थी। इसके बाद उन्होंने गोरखपुर के गवर्नमेंट टेक्निकल इंस्टिट्यूट से मैकेनिकल इंजीनियरिंग की थी। सुब्रत राय की उनकी पत्नी स्वप्ना से मुलाकात कोलकाता में एक कॉमन फ्रेंड के जरिए हुई थी।

बेटों की शादी पर खर्च किए थे 500 करोड़ रुपए

सुब्रत रॉय के दो बेटे शुशांतो रॉय और सीमांतो रॉय हैं। 2004 में सुब्रत रॉय ने अपने दोनों बेटों की शादी लखनऊ के एक स्टेडियम में की थी, जिस पर करीब 500 करोड़ रुपए खर्च किए थे। इस शादी में सियासी, ग्लैमर, खेल और कारोबारी जगत की हस्तियों ने शिरकत की थी। अमिताभ बच्चन, ऐश्वर्या रॉय, अनिल अंबानी और मुलायम सिंह जैसी हस्तियां इसमें शामिल हुई थीं।