आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : कांग्रेस के राज्यसभा सांसद धीरज साहू से जुड़े तीन राज्यों के आधा दर्जन ठिकानों पर बुधवार से शुरू हुआ आयकर की छापा आज भी जारी है। आयकर सूत्रों के मुताबिक ठिकानों से एक सौ करोड़ रुपए से अधिक की बरामदगी हुई है। कल तक 50 करोड़ रुपए तक के नोटों की गिनती पूरी हो चुकी थी, लेकिन नोटों की संख्या इतनी अधिक थी कि मशीनों ने काम करना बंद कर दिया। आज सुबह से ही गिनती चल रही है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक संबलपुर के कुछ बैंक अकाउंट को भी सीज कर लिया गया है।

झारखंड के लोहरदगा में हुई थी पड़ताल

बुधवार को आयकर की टीम पश्चिम बंगाल के कोलकाता और ओडिशा के बौध, बलांगीर, रायगढ़ा व संबलपुर के ठिकानों के साथ ही झारखंड के रांची व लोहरदगा में छापेमारी की थी। इसमें आयकर विभाग की ओडिशा की टीम शामिल थी। धीरज साहू के रांची और लोहरदगा आवास पर परिवार का कोई सदस्य नहीं मिला था। यह कार्रवाई बुधवार देर शाम तक जारी थी। आज सुबह से ही इन ठिकानों पर कागजातों की जांच जारी है। अफसरों के मुताबिक कागजातों की जांच चल रही है। आयकर सूत्रों की मानें तो यह पूरा मामला शराब कारोबार में टैक्स चोरी से जुड़ा हुआ है।

ओडिशा में है शराब का बड़ा कारोबार

धीरज साहू के रिश्तेदारों के नाम पर ओडिशा में शराब का बड़ा कारोबार है। वहां की बौध डिस्टिलरी प्रा. लि. (बीडीपीएल) से जुड़े बलांगीर, रायगढ़ा व संबलपुर डिस्टिलरी प्लांट में भी आयकर अधिकारी पहुंचे और कागजातों की जांच-पड़ताल की। बीडीपीएल का जहां-जहां डिस्टिलरी और बॉटलिंग प्लांट हैं, हर जगह विभाग के अधिकारी दस्तावेज खंगाल रहे हैं। इसके अलावा रांची और लोहरदगा आवास पर भी टीम पहुंची, लेकिन वहां परिवार का कोई सदस्य नहीं मिला। इस कार्रवाई में आय-व्यय से जुड़े दस्तावेजों के अतिरिक्त और क्या-क्या मिला है, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है।

ओडिशा में साहू के रिश्तेदारों के नाम पर कई प्रतिष्ठान

धीरज साहू के रिश्तेदारों के नाम पर ओडिशा में कई बड़े प्रतिष्ठान हैं। इनमें बलदेव साहू इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड (फ्लाई एश ब्रिक्स), क्वालिटी बॉटलर्स प्राइवेट लिमिटेड व किशोर प्रसाद विजय प्रसाद बिवरेजेज प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं। क्वालिटी बॉटलर्स में विदेशी शराब की बॉटलिंग होती है। वहीं, किशोर प्रसाद विजय प्रसाद बिवरेजेज प्राइवेट लिमिटेड से विदेशी शराब की बिक्री की जाती है।

कौन हैं धीरज साहू

धीरज साहू झारखंड से कांग्रेस राज्यसभा सांसद हैं। वे तीसरी बार सांसद बने हैं। वे मूल रूप से झारखंड के लोहरदगा के रहने वाले हैं। उनके पिता का नाम स्व राय साहब बलदेव साहू और मां का नाम स्व सुशीला देवी है। उन्होंने रांची के मारवाड़ी कॉलेज से बीए तक की शिक्षा ग्रहण की है। उन्होंने साल 1977 में छात्र नेता के रूप में राजनीति की शुरुआत की है। धीरज साहू झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के 2003-05 तक सदस्य भी रहे हैं। ये रांची के पूर्व संसद सदस्य (लोकसभा) स्वर्गीय श्री शिव प्रसाद साहू के भाई हैं।