मुम्बई । रियान पराग के शानदार प्रदर्शन से राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल लीग मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर को हराकर अपनी छठी जीत दर्ज की है।  इस जीत के साथ ही रॉयल्स की टीम अंक तालिका में शीर्ष पर हैं। रियान ने इस मैच में अर्धशतक लगाने के साथ ही कुल 4 कैच पकड़कर एक अहम उपलब्धि हासिल की है।

. रियान आईपीएल के किसी एक मैच में 50 से ज्यादा रनों के साथ ही 4 कैच पकड़कर जैक कैलिस और एडम गिलक्रिस्ट जैसे खिलाड़ियों के एक विशेष क्लब में शामिल हो गए है। पूर्व दक्षिण अफ्रीकी ऑलराउंडर कैलिस ने आईपीएल में यह कारनामा साल 2011 में कोलकाता नाइटराइडर्स की ओर से खेलते हुए डेक्कन चार्जर्स के खिलाफ मुकाबले में किया था।

वहीं दूसरी ओर ऑस्ट्रेलियाई महान विकेटकीपर एडम गिलक्रिस्ट ने साल 2012 में धर्मशाला में खेले गए मुकाबले में पंजाब किंग्स की ओर से खेलते हुए चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ यह रिकॉर्ड बनाया था। रियान ने 31 गेंदों पर 3 चौकों और 4 छक्कों की मदद से नाबाद 56 रन की पारी खेली।