विजडन ने अपने वर्ष के पांच क्रिकेटरों में भारत के भी दो खिलाड़ियों कप्तान रोहित शर्मा और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को शामिल किया है। इन दोनो के अलावा न्यूजीलैंड के डेवोन कॉनवे , इंग्लैंड के तेज गेंदबाज ओली रॉबिनसन और दक्षिण अफ्रीका की महिला क्रिकेटर डेन वान नीकर्क भी शीर्ष पांच खिलाड़ियों में शामिल हैं। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान जो रूट और दक्षिण अफ्रीकी महिला टीम की बल्लेबाज लिजेले ली को अग्रणी पुरुष और महिला क्रिकेटर चुना गया है।
वहीं पाकिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान को साल का टी20 क्रिकेटर चुना गया है। बुमराह ने पिछले सत्र में इंग्लैंड दौरे पर शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने ओवल मैदान पर शानदार गेंदबाजी कर भारतीय टीम को 2-1 से बढ़त दिलाई। वहीं रोहित ने चार टेस्ट में 368 रन बनाए थे। उन्होंने ओवल पर 127 रनों की पारी खेली थी।
रूट ने पिछले साल 1708 रन बनाए जो क्रिकेट इतिहास में एक वर्ष में तीसरा सर्वाधिक टेस्ट रनों का रिकॉर्ड है। लिजेले ने साल 2021 में एकदिवसीय क्रिकेट में 90 से ऊपर की औसत से रन बनाए हैं जिसमें भारत के खिलाफ श्रृंखला में चार पारियों में 288 रन भी शामिल हैं जबकि रिजवान ने साल 2021 में 27 टी20 में 1329 रन बनाए।