आरएनटीयू में तीन दिवसीय पर्यावरण जागरूकता अभियान

सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : रवीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय भोपाल के सी. वी. रमन विज्ञान संचार केन्द्र द्वारा राष्ट्रीय सेवा योजना एवं इंजीनियरिंग विभाग के सहयोग से विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के अवसर पर तीन दिवसीय कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम को मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (एमपीसीएसटी), भोपाल द्वारा प्रायोजित किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण स्वच्छता जैव विविधता के संवर्धन तथा सतत विकास के प्रति विद्यार्थियों एवं समाज में जागरूकता उत्पन्न करना था। तीन दिवसीय आयोजन के दौरान विभिन्न गतिविधियों का संचालन किया गया जिनमें विश्वविद्यालय में विभिन्न प्रतियोगिताएं जैसे निबंध लेखन पोस्टर मेकिंग जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। वहीं भोजपुर क्षेत्र में स्वच्छता अभियान गोकुला कुंडी में ग्रामीणों को पौधों के वितरण जैसे कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। अंतिम दिन विश्वविद्यालय में वृक्षारोपण अभियान तथा विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों एवं स्वयंसेवकों ने भोजपुर क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही स्थानीय ग्रामीणों को निःशुल्क पौधों का वितरण कर वृक्षारोपण के लिए प्रेरित किया गया। विश्वविद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में सैकड़ों पौधे रोपित कर हरित वातावरण के निर्माण का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति आर. पी. दुबे ने की। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज वैश्विक आवश्यकता बन चुका है और विश्वविद्यालयों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है कि वे विद्यार्थियों को पर्यावरणीय चेतना एवं सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़ें।

इस अवसर पर आयोजित विशेष व्याख्यान सत्र में मध्य प्रदेश सरकार द्वारा पुरस्कृत प्रसिद्ध पर्यावरणविद् शरद कुमरे ने पर्यावरण संरक्षण की वर्तमान चुनौतियों जलवायु परिवर्तन के प्रभावों तथा जनभागीदारी की आवश्यकता पर विस्तृत विचार व्यक्त किए। प्रख्यात एंकर एवं कमेंटेटर विनय उपाध्याय ने युवाओं को संबोधित करते हुए पर्यावरणीय मुद्दों के प्रति संवेदनशील बनने तथा जन-जागरूकता अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के आयोजन में प्रीति सिंह, समन्वयक सी. वी. रमन विज्ञान संचार केन्द्र गब्बर सिंह एनएसएस अधिकारी मोहन सागोरिया सह-संपादक विज्ञान पत्रिका इलेक्ट्रॉनिकी आपके लिए रवि किरण समन्वयक अक्षय ऊर्जा केन्द्र विज्ञान संकाय के डीन अंकित अग्रवाल तथा विभागाध्यक्ष भावना सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के संकाय सदस्य एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

तीन दिवसीय इस आयोजन ने विद्यार्थियों एवं समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता का संदेश भी सफलतापूर्वक प्रसारित किया।

आरएनटीयू में तीन दिवसीय पर्यावरण जागरूकता अभियान
आरएनटीयू में तीन दिवसीय पर्यावरण जागरूकता अभियान

Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #Desksource #आरएनट #वरण #एनएन #DeskSource #टवर #आईट #रमन