मुम्बई । पूर्व क्रिकेटर और दिल्ली कैपिटल्स के सहायक कोच रहे मोहम्मद कैफ ने कहा है कि आईपीएल के 15 वें सत्र में स्पिनर कुलदीप यादव की अच्छी गेंदबाजी के पीछे टीम के कप्तान  ऋषभ पंत का समर्थन है। कैफ के अनुसार ऋषभ भी कुलदीप की तरह ही एक भावुक खिलाड़ी हैं। वो दिल से सोचते हैं और उन्हें पता है कि कैसे खिलाड़ी से उसका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन हासिल किया जा सकता है।

मैं पिछले साल टीम के साथ था। ऋषभ ने ही पिछले साल आवेश खान के करियर को संवारा और अब वो कुलदीप के करियर को लय पर ला रहे हैं। कैफ ने कहा कि कुलदीप को इस सत्र में टीम की ओर से साफ कहा गया है कि वो विकेट लेने पर अपना पूरा जोर लगाएं और रनों के बारे में बहुत ज्यादा चिंता न करें। कैफ के अनुसार आमतौर पर कप्तान गेंदबाजों से कम रन देने को कहत हें पर ऋषभ ने कुलदीप से कहा है कि आप विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं। इसलिए अगर आप 10 रन अधिक दे दें तो भी परेशानी नहीं है पर विकेट अवश्य लें।

गौरतलब है कि पंजाब किंग्स के खिलाफ पिछले मुकाबले में भी कुलदीप ने अच्छी गेंदबाजी की और 24 रन देकर 2 विकेट लिए थे। कुलदीप इस सत्र में अपनी गेंदों में फ्लाइट देने से हिचक नहीं रहे हैं। इसी वजह से उन्हें विकेट मिल रहे हैं। इसके साथ ही कप्तान का उन्हें समर्थन भी मिला। ऋषभ हर परिस्थिति में उनका हौसला बढ़ाते दिखे हैं। आगामी टी20 विश्वकप को देखते हुए कुलदीप का फार्म में आना टीम इंडिया के लिए अच्छा है।