आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : कांग्रेस नेता रेवंत रेड्डी ने 7 दिसंबर को तेलंगाना के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। भट्टी विक्रमार्क डिप्टी सीएम बनाए गए हैं। 11 मंत्रियों ने भी शपथ ली। शपथ ग्रहण कार्यक्रम एलबी स्टेडियम में हुआ। इसमें सोनिया गांधी, राहुल, प्रियंका गांधी वाड्रा और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे शामिल हुए।
तेलंगाना का गठन 2014 में हुआ था। तब से लेकर 2023 तक दो बार भारत राष्ट्र समिति (BRS) के के. चंद्रशेखर राव (केसीआर) मुख्यमंत्री रहे। इस साल हुए विधानसभा चुनाव में केसीआर को हार मिली और रेवंत रेड्डी के रूप में राज्य को दूसरा (कार्यकाल के हिसाब से तीसरा) सीएम मिला।
तेलंगाना कैबिनेट में मंत्री पद पाने वाले नेताओं की लिस्ट…
1) कोंडा सुरेखा 2) कोमाटी रेड्डी वेंकट रेड्डी 3) जुपल्ली कृष्णा राव 4) भट्टी विक्रमार्क 5) उत्तम कुमार रेड्डी 6) पोन्नम प्रभाकर 7) सीताक्का 8) श्रीधर बाबू 9) थुम्मला नागेश्वर राव 10) पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी 11) दामोदर राजनरसिम्हा
राहुल ने लगाई थी रेवंत के नाम पर मुहर
तेलंगाना में कांग्रेस की जीत के बाद 5 दिसंबर को दिल्ली में पार्टी नेताओं की बैठक हुई। इसमें राहुल गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल सहित कई सीनियर नेता मौजूद थे। बैठक में राहुल गांधी ने रेवंत रेड्डी के नाम पर मुहर लगी थी। रेवंत तेलंगाना कांग्रेस के अध्यक्ष हैं।
पहले 6 दिसंबर को शपथ ग्रहण समारोह होना था
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, तेलंगाना में पार्टी की जीते के बाद से सीएम पद के लिए रेवंत रेड्डी का नाम लगभग तय था। 6 दिसंबर की शाम उनका शपथ ग्रहण समारोह भी होना था, लेकिन पार्टी में विरोध के चलते इसे रद्द करना पड़ा।
सीएम के रूप में रेवंत रेड्डी के शपथ ग्रहण का विरोध करने वालों में तेलंगाना के पूर्व कांग्रेस प्रमुख एन उत्तम कुमार रेड्डी, पूर्व सीएलपी नेता भट्टी विक्रमार्क, पूर्व मंत्री कोमाटिरेड्डी वेंकट रेड्डी, पूर्व डिप्टी सीएम दामोदर राजनरसिम्हा थे। इन नेताओं ने रेवंत रेड्डी पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया।
यह पहला मौका नहीं है, जब रेवंत रेड्डी को पार्टी में विरोध का सामना करना पड़ा। जब 2021 में उन्हें तेलंगाना कांग्रेस का प्रभार सौंपा गया था, तब भी उन पर पद पाने के लिए करोड़ों रुपए देने का आरोप लगा था।
उत्तम कुमार ने भी CM पद के लिए दावेदारी पेश की थी
एन उत्तम कुमार रेड्डी ने 5 दिसंबर को कहा था कि वह भी मुख्यमंत्री पद की रेस में हैं। दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए उत्तम कुमार ने कहा- मैं सात बार से विधायक और पार्टी का वफादार हूं। आर्म्ड फोर्स में सेवा करने का अनुभव भी है, इसलिए मैं सीएम बनने योग्य हूं। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी नेतृत्व जो भी फैसला करेगा, वो मुझे मंजूर होगा।