आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : कल की बड़ी खबर रिटेल महंगाई से जुड़ी रही। सोमवार को जारी हुए आंकड़ों के मुताबिक, सब्जियों के दाम घटने से अक्टूबर में रिटेल महंगाई घटकर 4.87% पर आ गई है। यह रिटेल महंगाई का 5 महीने का निचला स्तर है|
वहीं, रेमंड लिमिटेड के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर गौतम सिंघानिया और उनकी पत्नी नवाज मोदी सिंघानिया 32 साल बाद अलग हो गए हैं।
दीपावली के दूसरे दिन सोने-चांदी के दामों में गिरावट देखने को मिली। 24 कैरेट सोने के दाम 348 रुपए गिरकर 59,892 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गए हैं। वहीं चांदी 1016 रुपए कमजोर होकर 69,400 पर आ गई है।
कल की बड़ी खबरों से पहले आज के प्रमुख इवेंट, जिन पर रहेगी नजर…
अक्टूबर के थोक महंगाई के आंकड़े आज यानी मंगलवार (14 नवंबर) को जारी होंगे। सितंबर में खाने-पीने के सामानों में गिरावट के बीच भारत की थोक महंगाई दर बढ़कर -0.26% पर पहुंच गई थी। यह लगातार छठा महीना था जब थोक महंगाई शून्य से नीचे रही थी।
PC ज्वेलर्स आज वित्त वर्ष 2023-24 की दूसरी तिमाही (जुलाई-सितंबर) के नतीजे घोषित करेगी। इसके अलावा कल्याण ज्वेलर्स इंडिया, इंडिया बुल्स हाउसिंग फाइनेंस, NMDC और नेशनल फर्टिलाइजर्स के रिजल्ट भी जारी होंगे।
BSE हॉलिडे कैलेंडर के मुताबिक, बलिप्रतिपदा के चलते शेयर बाजार आज बंद रहेंगे। स्टॉक एक्सचेंज में 15 नवंबर से ट्रेडिंग शुरू होगी। बीते दिन सोमवार को सेंसेक्स 325 अंक की गिरावट के साथ 64,933 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी में भी 82 अंक की गिरावट रही, यह 19,443 के स्तर पर बंद हुआ।
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में आज भी कोई बदलाव नहीं हुआ है। फिलहाल, दिल्ली में पेट्रोल 96.72 रुपए लीटर है तो डीजल 89.62 रुपए लीटर के हिसाब से बिक रहा है। वहीं मुंबई में पेट्रोल 106.31 रुपए और डीजल 94.27 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है।
अब कल की बड़ी खबरें…
- रिटेल महंगाई 5 महीने के निचले स्तर पर:सब्जियों के सस्ते होने से अक्टूबर में 4.87% पर आई, सितंबर में 5.02% रही थी
सब्जियों के दाम घटने से अक्टूबर में रिटेल महंगाई घटकर 4.87% पर आ गई है। यह रिटेल महंगाई का 5 महीने का निचला स्तर है। सितंबर में ये 5.02% रही थी। वहीं खाने-पीने की चीजों की महंगाई 6.62% से कम होकर 6.61% पर आ गई है।
महंगाई के घटने से मॉनेटरी पॉलिसी कमेटी (MPC) को अपने पॉलिसी इंटरेस्ट रेट रिव्यू में एक्स्ट्रा कुशन मिलेगा। दर में 2.50% की बढ़ोतरी के बाद, कमेटी ने इसे चार बार स्थिर रखा है, और उम्मीद है कि अगले महीने बैठक में भी ऐसा ही किया जाएगा।
- रेमंड के MD गौतम सिंघानिया पत्नी नवाज से अलग हुए:32 साल से साथ थे, बोले- बच्चों की बेहतरी के लिए मिलकर काम करेंगे
रेमंड लिमिटेड के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर गौतम सिंघानिया और उनकी पत्नी नवाज मोदी सिंघानिया 32 साल बाद अलग हो गए हैं। गौतम ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम और X पर इसकी जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि इस बार की दीपावली पहले जैसी नहीं रहने वाली है। नवाज और मैं यहां से अलग-अलग रास्ते अपनाएंगे…मैं उनसे अलग हो रहा हूं, जबकि हम वह सब कुछ करते रहेंगे जो हमारे दो अनमोल हीरे निहारिका और निसा के लिए बेहतर होगा।