सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : आंचलिक विज्ञान केन्द्र, भोपाल द्वारा दिनांक 11 मई 2026 को “राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस 2026” उत्सव का आयोजन उत्साहपूर्वक संपन्न किया गया। यह कार्यक्रम मौलाना आज़ाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, भोपाल एवं आईआईएसईआर, भोपाल के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों, शोधार्थियों, शिक्षकों एवं विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी में रुचि रखने वाले प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता की।
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित “प्रौद्योगिकी प्रदर्शनी” का उद्घाटन मुख्य अतिथि प्रो. एस. के. गुप्ता, प्राचार्य, RIE, भोपाल द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने युवा नवप्रवर्तकों के प्रयासों की सराहना करते हुए विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार की राष्ट्रीय विकास में महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के अंतर्गत “प्रौद्योगिकी प्रदर्शनी” का आयोजन किया गया, जिसमें मौलाना आज़ाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, भोपाल एवं आईआईएसईआर, भोपाल की अत्याधुनिक प्रौद्योगिकियों, नवाचारों एवं शोध कार्यों का प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शनी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आगंतुकों हेतु स्थापित की गई थी। प्रदर्शनी के अंतर्गत मौलाना आज़ाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, भोपाल एवं भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (IISER), भोपाल के विभिन्न विभागों में अध्ययनरत विद्यार्थियों एवं शोधकर्ताओं द्वारा विज्ञान, प्रौद्योगिकी, अनुसंधान एवं नवाचार के क्षेत्र में किए जा रहे प्रमुख कार्यों एवं परियोजनाओं को प्रस्तुत किया गया।

इस अवसर पर आंचलिक विज्ञान केन्द्र, भोपाल द्वारा विद्यार्थियों हेतु एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया, जिसमें डॉ. सर्वेश पांडेय, सहायक प्रोफेसर, रसायन विज्ञान विभाग एवं फैकल्टी समन्वयक, रोल्टा इन्क्यूबेशन सेंटर, मौलाना आज़ाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, भोपाल ने आधुनिक प्रौद्योगिकी, नवाचार, स्टार्टअप संस्कृति एवं समाजोपयोगी अनुसंधान की भूमिका पर अपने विचार साझा किए।
प्रदर्शनी में अनेक आकर्षक एवं नवाचारपूर्ण तकनीकों एवं मॉडलों का प्रदर्शन किया गया, जिनमें मौलाना आज़ाद राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान, भोपाल द्वारा विकसित पानी के अंदर चलने वाला बायोमेट्रिक रोबोट, रेट्रो फिटेड ईवी साइकिल, हाइड्रोजन आधारित ईंधन से चलने वाला एटीवी, स्वायत्त निगरानी रोबोट तथा आईआईएसईआर, भोपाल द्वारा प्रस्तुत सतत जल उपचार के लिए इंजीनियर सामग्री एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए एआई विशेष रूप से शामिल रहे।

H-CNG आधारित ड्यूल-फ्यूल हाई-टॉर्क वाहन मॉडल को पेट्रोल एवं H-CNG दोनों ईंधनों पर संचालित करने के उद्देश्य से विकसित किया गया है, जो विशेष रूप से कृषि एवं भारी उपयोग वाले कार्यों के लिए उपयोगी है तथा स्वच्छ ऊर्जा एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रभावी तकनीकी पहल को प्रदर्शित करता है। वहीं AI एवं मशीन लर्निंग आधारित स्वास्थ्य तकनीकों के माध्यम से व्यक्ति की स्वास्थ्य स्थिति का वास्तविक समय में विश्लेषण, रोगों की प्रारंभिक पहचान एवं स्वास्थ्य निगरानी को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
इसके अतिरिक्त प्रदर्शित रेट्रो फिटेड ईवी साइकिल मॉडल लगभग 30 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से संचालित किया जा सकता है, जो प्रदूषण एवं पेट्रोल पर निर्भरता कम करने की दिशा में एक उपयोगी एवं पर्यावरण-अनुकूल समाधान प्रस्तुत करता है।कार्यक्रम के माध्यम से प्रतिभागियों को आधुनिक विज्ञान, नवाचार एवं तकनीकी विकास की व्यवहारिक जानकारी प्राप्त हुई तथा युवाओं में वैज्ञानिक सोच एवं अनुसंधान के प्रति रुचि को प्रोत्साहन मिला।
#राष्ट्रीय_प्रौद्योगिकी_दिवस #विज्ञान_प्रदर्शनी #भोपाल #आंचलिक_विज्ञान_केन्द्र #तकनीकी_नवाचार #रोबोटिक्स #विज्ञान_समाचार #एआई #शिक्षा #मध्यप्रदेश