रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन सामाजिक सरोकारों और अभिनव पहलों के साथ हुआ। समापन समारोह शासकीय माध्यमिक शाला हिनोतिया में आयोजित किया गया, जहां विश्वविद्यालय की कुलसचिव संगीता जौहरी ने मुख्य अतिथि अनंत कुमार सक्सेना (कार्यक्रम समन्वयक, बरकतउल्ला विश्वविद्यालय भोपाल), विशिष्ट अतिथि आर. एस. नरवरिया (जिला संगठक, भोपाल) एवं वरिष्ठ साहित्यकार सुधीर कुमार शर्मा की उपस्थिति में ग्रामीणों के शारीरिक एवं मानसिक सशक्तिकरण हेतु संतोष चौबे पुस्तकालय और वॉलीबॉल ग्राउंड का शुभारंभ किया। इस पहल का उद्देश्य बच्चों और ग्रामीणों में अध्ययन की संस्कृति को बढ़ावा देना तथा खेल गतिविधियों के माध्यम से शारीरिक सुदृढ़ता को प्रोत्साहित करना है। स्वयंसेवकों ने इस अवसर पर टैगोर टीचिंग क्लब का गठन भी किया, जिसके अंतर्गत विश्वविद्यालय के एनएसएस स्वयंसेवक प्रत्येक सप्ताह गांव के विद्यार्थियों को नवोदय विद्यालय की निशुल्क कोचिंग प्रदान करेंगे। शिविर के दौरान शाला में पेयजल समस्या को चिन्हित करते हुए विश्वविद्यालय द्वारा एक हजार लीटर क्षमता की जल टंकी भी प्रदान की गई। यह टंकी कुलसचिव संगीता जौहरी, उप कुलसचिव पूजा चतुर्वेदी एवं डीन स्टूडेंट वेलफेयर शीतल गुलाटी द्वारा भेंट की गई। मुख्य अतिथि अनंत कुमार सक्सेना ने विश्वविद्यालय की पहल को समस्याओं के समाधान का आदर्श उदाहरण बताया। सुधीर कुमार शर्मा ने युवाओं को विपरीत परिस्थितियों में भी सकारात्मक बने रहने की प्रेरणा दी। आर. एस. नरवरिया ने कार्यक्रम अधिकारी रेखा गुप्ता एवं गब्बर सिंह सहित पूरी टीम की सराहना की। संगीता जौहरी ने विश्वास दिलाया कि विश्वविद्यालय भविष्य में भी विद्यार्थियों के माध्यम से समाज की आवश्यकताओं के समाधान हेतु तत्पर रहेगा।
#राष्ट्रीय_सेवा_योजना #एनएसएस #विशेष_शिविर #सामाजिक_सेवा #युवा_शक्ति #सांस्कृतिक_कार्यक्रम