मुम्बई । दक्षिण अफ्रीका के पूर्व स्पिनर इमरान ताहिर ने गुजरात टाइटंस की ओर से खेल रहे अफगानिस्तान के लेग स्पिनर राशिद खान की जमकर सराहना की है। ताहिर के अनुसार राशिद अच्छी गति से गेंदबाजी करने के साथ ही हवा में गेंद को आसानी से घुमा देते हैं।
ताहिर ने कहा, ‘ राशिद बड़े अलग तरह के गेंदबाज हैं और उनकी गति भी काफी ज्यादा है जबकि आम तौर पर लेग स्पिनर हवा में गेंद को टर्न कराने के लिए थोड़ा धीरे छोड़ता है।’ ताहिर ने कहा, ‘जिस तरह राहुल चाहर है, मैं हूं या कुलदीप यादव है जिसे गेंद को टर्न कराने के लिए थोड़ा छोड़ना पड़ता है। वहीं राशिद हवा में बड़ी तेजी से गेंद को घुमाते हैं और इसी कारण बल्लेबाज मुश्किल में पड़ जाता है। अच्छी गति से गेंद को घुमाने वाले लेग स्पिनर बेहद कम है , इसी कारण वह सबसे अलग नजर आते हैं।’
ताहिर का मानना है कि आजकल के क्रिकेट में बल्लेबाजों के पास बहुत ज्यादा शॉट हैं। भले ही आपको लगता हो कि आप विरोधी टीम के बल्लेबाज पर हावी हो सकते हैं पर आपको हमेशा ही वैकल्पिक योजना बनाये रखनी होती है। उन्होंने कहा, ‘मैं जब जाता था मेरे प्लान साफ होते थे। मैं बल्लेबाजों के वीडियो देखता था कि वह कहां शॉट्स मारते हैं और मुझे कहां शॉट झेलने पड़ सकते हैं।
राशिद इस वक्त विश्व के सर्वश्रेष्ठ टी20 गेंदबाज हैं और विविधता और पेस का बड़ा अच्छा इस्तेमाल करते हैं। यह ऐसे गेंदबाज़ हैं जिनकी टीम अधिकतर मैच जीतती है और यह अच्छी बात है कि वह फील्डिंग भी अच्छी करते हैं और बल्लेबाजी भी उनकी अच्छी हुई है।’ ताहिर इसके अलावा नई टीम गुजरात टाइटंस के आईपीएल में अब तक के प्रदर्शन से भी प्रभावित हैं।