आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : राजस्थान के भरतपुर जिले के बयाना गांव में रास्ते के मामूली विवाद पर एक युवक की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी गई। आरोपी ने युवक पर 8 बार ट्रैक्टर का पहिया चढ़ाया। इस घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति है।

सदर थाना के SHO जयप्रकाश परमार ने बताया कि अड्डा गांव के बहादुर गुर्जर और अतर सिंह गुर्जर गुटों के बीच पिछले लंबे समय से रास्ते को लेकर विवाद चल रहा है। इसी विवाद को लेकर बुधवार सुबह करीब 8 बजे दोनों पक्ष फिर से आमने-सामने हो गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला करने के साथ ही पथराव कर दिया। इसमें दोनों पक्षों की महिलाएं भी मारपीट में शामिल थीं।

झगड़े के दौरान 35 साल का निरपत गुर्जर जमीन पर गिर गया। तभी बहादुर पक्ष के एक युवक ने निरपत के ऊपर ट्रैक्टर चढ़ा दिया। रोकने के बावजूद आरोपी ट्रैक्टर ड्राइवर नहीं रुका और जमीन पर गिरे निरपत के ऊपर 8 बार ट्रैक्टर का पहिया चढ़ा दिया। घायल निरपत की मौके पर ही मौत हो गई। मर्डर के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बयाना CHC भेजा गया है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति है। ग्रामीणों के मुताबिक झगड़े के दौरान फायरिंग की आवाज भी आई थी। आरोपी ट्रैक्टर ड्राइवर के बारे में पता लगाया जा रहा है।

युवक को उसके ही ट्रैक्टर से कुचला

मृतक निरपत के भाई विनोद के बताया कि सुबह ट्रैक्टर लेकर खेत में जा रहा था, तभी बहादुर पक्ष के लोगों ने मकान के ऊपर चढ़कर पथराव कर दिया। घबराकर वापस घर आ गया था। आरोपी लाठी-डंडे लेकर घर में आ गए और मारपीट की। इस दौरान आरोपी दिनेश और मुनेश ने मेरे भाई निरपत को उठाकर ट्रैक्टर के आगे पटक दिया। मेरे ही ट्रैक्टर से आरोपी हनुमत सिंह मेरे भाई पर ट्रैक्टर चढ़ाता रहा।

पुलिस पर 15 हजार लेकर छोड़ने का आरोप

मृतक के पिता अतर सिंह ने कहा कि 5 दिन पहले भी आरोपियों के घर की महिलाओं ने रास्ते से निकलते समय मेरे बेटे निरपत पर कचरा और सड़ी-गली सब्जियां फेंकी थीं। विरोध करने करने पर झगड़ा किया था। आरोपी बहादुर सिंह के बेटे दिनेश ने मेरे और मेरे बेटों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था।

इसके बाद पुलिस ने मुझे दोपहर 12 बजे से रात 9 बजे तक थाने में बैठाकर रखा था। 15 हजार रुपए लेकर छोड़ा। पुलिस ने कहा था कि सभी लोगों को पाबंद कर दिया है। अब कहीं भी आना, कहीं भी जाना कोई दिक्कत नहीं होगी। कोई कुछ नहीं कहेगा। पुलिस ने हमारी रिपोर्ट पर मामला दर्ज नहीं किया।

विवाद के बाद 22 लोगों को किया था पाबंद

ASP ओमप्रकाश ने बताया कि घटना के बाद बयाना SHO और CO मौके पर पहुंचे थे। पांच दिन पहले दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। दोनों गुटों की शिकायत पर मामला दर्ज कर 22 लोगों को पाबंद किया था। ट्रैक्टर ड्राइवर को जल्द आईडेंटिफाई कर पकड़ लिया जाएगा।

झगड़े में दो बच्चों समेत 11 लोग घायल

मारपीट में अतर सिंह (62) पुत्र सन्नी गुर्जर, दामो (27) पुत्र अतरसिंह, शांति (26) पत्नी निरपत गुर्जर, लालो (32) पत्नी विनोद गुर्जर, पिंटू (26) पुत्र रमेश गुर्जर, रेखा (65) पत्नी थानसिंह गुर्जर, देवेश (2) पुत्र खेमसिंह, पीयूष (4) पुत्र निरपत घायल हो गए। वहीं, दूसरे पक्ष में दरब सिंह (43) पुत्र हुकम गुर्जर, बहादुर (55) पुत्र हाकिम गुर्जर, जनक सिंह (56) पुत्र हुकम सिंह को भी चोटें आई हैं।