आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : राजस्थान की 199 विधानसभा सीटों पर वोटिंग जारी है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी, राजस्थान के अनुसार सुबह 11 बजे तक प्रदेश में 24.74 फीसदी मतदान हुआ है। शहरों से लेकर गांवों के बूथों तक मतदाताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सहित कांग्रेस और भाजपा के कई दिग्गज नेताओं ने सुबह-सवेरे ही मतदान किया। वोटिंग डे पर गहलोत ने कहा- ‘कांग्रेस की जीत के बाद अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, यह आलाकमान मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी तय करेंगे। पार्टी जो भूमिका तय करेगी, वह मंजूर होगी।’
वहीं, पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने कहा कि हर व्यक्ति यहां चुनाव लड़ रहा है। कोई भी एक चुनाव न तो लड़वा सकता है और न जितवा सकता है और न हरवा सकता है। वसुंधरा राजे ने झालावाड़ में वोट डालने के बाद कहा कि सभी मतदान जरूर करें। कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने भी जयपुर के सी स्कीम में वोट डाला।
इधर, सीकर, श्रीगंगानगर जिलों के कई बूथों पर ईवीएम में खराबी के कारण मतदान में देरी हुई। वहीं, चूरू के सरदारशहर के एक बूथ पर कांग्रेस-भाजपा कार्यकर्ताओं में झड़प भी हुई है। अलवर, झालावाड़, श्रीमाधोपुर सहित कई विधानसभाओं के बूथों पर दूल्हा-दुल्हन भी वोट करने पहुंचे। झालावाड़ और उदयपुर में वोटिंग की लाइन में खड़े दो बुजुर्ग मतदाताओं की भी मौत हुई है। वहीं, टोंक की निवाई विधानसभा में 113 साल की वोटर भूली देवी ने भी वोट डाला।
राजस्थान के प्रमुख 8 जिलों में 11 बजे तक वोटिंग पर्सेंटेज
जिले वोटिंग प्रतिशत
जयपुर 25.19
जोधपुर 22.58
अलवर 26.15
सीकर 25.02
उदयपुर 21.07
कोटा 26.97
बीकानेर 24.52
अजमेर 23.43
वोटिंग के बड़े अपडेट्स…
सबसे कम, सबसे ज्यादा वोटिंग: सुबह 11 बजे तक सबसे ज्यादा वोटिंग धौलपुर जिले में 30.25 फीसदी हुई। वहीं, सबसे कम मतदान उदयपुर जिले में 21.07 प्रतिशत हुआ है। राजस्थान में सुबह 9 बजे तक कुल 24.74 फीसदी मतदान हुआ है।
किस्मत में जो लिखा, कोई छीन नहीं सकता: सचिन पायलट ने सीएम नहीं बनने के सवाल पर कहा कि किस्मत में जो लिखा है, उसे कोई छीन नहीं सकता और जो नहीं लिखा है उसे कोई दे नहीं सकता। पार्टी की विचारधारा सबसे आगे है। हर व्यक्ति यहां चुनाव लड़ रहा है। कोई भी एक चुनाव न तो लड़वा सकता है और न जितवा सकता है और न हरवा सकता है।
मारपीट, वोटिंग में देरी: चूरू जिले के सरदारशहर विधानसभा क्षेत्र के अंजूमन स्कूल में बने मतदान केंद्र के बूथ नंबर 130-131 पर मारपीट का मामला सामने आया है। पार्षद प्रतिनिधि आसिफ खोखर का आरोप है कि उन पर 5-7 लोगों ने हमला किया है। वहीं, सीकर, श्रीगंगानगर के कई बूथों पर ईवीएम में आई खराबी के कारण मतदान में देरी हुई। बीकानेर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के आचार्य श्रीराम विद्यालय के बूथ पर मोबाइल को लेकर पुलिस और मतदाताओं के बीच झड़प हो गई।
हार्टअटैक से हुई मौत: झालवाड़ और उदयपुर में दो बुजुर्ग मतदाताओं की वोटिंग लाइन में खड़े-खड़े मौत हो गई। झालावाड़ के मोलक्या कला के मतदान केंद्र पर एक बुजुर्ग 70 वर्ष मतदाता की अचानक चक्कर आने से तबीयत खराब हो गई और वह बेहोश होकर नीचे गिर गया। हॉस्पिटल में उसे मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, उदयपुर ग्रामीण के भी एक पोलिंग बूथ पर 69 साल के वोटर्स की कुछ ऐसी हुई मौत हुई।
राजस्थान में वोटिंग की PHOTOS….
ऐप से हर दो घंटे में वोटिंग प्रतिशत की जानकारी अपडेट होगी
चुनाव आयोग ने हर दो घंटे में मतदान केंद्रों से मत प्रतिशत की जानकारी के लिए सभी पीठासीन अधिकारियों से ऐप डाउनलोड कराया है। पीठासीन अधिकारी हर दो घंटे बाद ऐप पर मत प्रतिशत अपडेट करेंगे, जिससे विधानसभा क्षेत्र और जिले को अपडेट मिलता रहेगा। जहां भी वोटिंग रुकने की शिकायत मिलेगी, वहां रिटर्निंग अधिकारी और सेक्टर अफसर पहुंचेंगे।
चुनावी रण में उतरे पूर्व राजघराने
- वसुंधरा राजे : धौलपुर के पूर्व राजपरिवार की वसुंधरा राजे ग्वालियर के सिंधिया राजघराने की बेटी हैं। उनकी मां स्व.विजयाराजे सिंधिया जनसंघ और भाजपा का प्रमुख चेहरा थीं। उनकी बहन यशोधरा राजे सिंधिया मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार में मंत्री रह चुकी हैं। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया उनके भतीजे हैं।
- दीया कुमारी : वे इससे पहले सवाई माधोपुर से विधायक रह चुकी हैं। जयपुर पूर्व राजघराने की राजमाता स्व. गायत्री देवी भी दो बार सांसद रह चुकी हैं। दीया के पिता स्व. भवानी सिंह ने भी चुनाव लड़ा था।