आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : राजस्थान विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस की बड़ी चुनावी घोषणाओं के नाम पर वोटिंग करने की राहुल गांधी की अपील पर विवाद हो गया है। बीजेपी ने राहुल की अपील को आचार संहिता का उल्लंघन बताते हुए उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और उनका X अकाउंट बैन करने की मांग की है। बीजेपी ने चुनाव आयोग से राजस्थान के निर्वाचन विभाग को शिकायत देकर उनके खिलाफ आचार संहिता उल्लंघन का केस दर्ज करने की मांग की है।
राहुल गांधी ने आज सुबह सोशल मीडिया पर राजस्थान चुनावों में कांग्रेस को वोट करने की अपील करने के साथ बड़ी घोषणाओं का जिक्र किया। राहुल ने लिखा- ‘राजस्थान चुनेगा मुफ्त इलाज, राजस्थान चुनेगा सस्ता गैस सिलेंडर, राजस्थान चुनेगा ब्याज मुक्त कृषि कर्ज, राजस्थान चुनेगा अंग्रेजी शिक्षा, राजस्थान चुनेगा OPS, राजस्थान चुनेगा जाति जनगणना।’
बीजेपी का तर्क- राहुल ने साइलेंट पीरियड में प्रचार कर आचार संहिता का उल्लंघन किया
बीजेपी ने चुनाव आयोग से की गई शिकायत में तर्क दिया है कि चुनाव प्रचार बंद होने के बाद कोई भी नेता सार्वजनिक रूप से प्रचार नहीं कर सकता। जनप्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 की धारा 126 में इसका साफ प्रावधान है कि प्रचार बंद होने के बाद टीवी, रेडियो और सोशल मीडिया पर प्रचार नहीं किया जा सकता। 48 घंटे के साइलेंट पीरियड में किसी भी तरह का सार्वजनिक प्रचार बैन है और सोशल मीडिया, टीवी, रेडियो पर किसी पार्टी के पक्ष में कोई नेता प्रचार नहीं कर सकता। राहुल ने 48 घंटे के साइलेंट पीरियड में भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रचार किया है, चुनावी घोषणाओं को दोहराते हुए वोट मांगे हैं।
शिकायत में तर्क दिया है कि राहुल गांधी कांग्रेस के स्टार प्रचारक हैं। राहुल ने कांग्रेस के पक्ष में प्रचार वाला पोस्ट किया, उसे सुबह 10:35 बजे तक 2.30 लाख लोग देख चुके थे। साइलेंट पीरियड में यह सार्वजनिक प्रचार है जो जनप्रतिनिधत्व अधिनियम 1951 के प्रावधानों का साफ उल्लंघन है।
राहुल गांधी ने फ्रीबीज और जाति के नाम पर वोटर्स को प्रभावित किया
बीजेपी ने शिकायत में आरोप लगाया है कि राहुल गांधी ने फ्री की स्कीम्स गिनाकर वोटर्स को लुभाने का प्रयास किया है, जो कानूनी रूप से गलत है। यह गलत तरीके से वोटर्स को प्रभावित करने का प्रयास है। जातिगत जनगणना का वादा करके वोटर्स को जातीय आधार पर लामबंद करने का प्रयास करके आचार संहिता का उल्लंघन किया है।
बीजेपी ने चुनाव आयोग से राहुल गांधी के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने के लिए राजस्थान के मुख्य निर्वाचन अधिकारी को निर्देश देने और राहुल का X हैंडल से पोस्ट हटवाने की मांग करते हुए उनका अकाउंट सस्पेंड करने की मांग की है।
राहुल गांधी को चुनाव आयोग का नोटिस:PM मोदी को पनौती-जेबकतरा कहा था; आयोग बोला- ये आचार संहिता का उल्लंघन; शनिवार तक जवाब दें
चुनावी सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पनौती, जेबकतरा जैसी टिप्पणी करने के मामले में चुनाव आयोग ने राहुल गांधी को नोटिस जारी किया है। आयोग ने इसे चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन की श्रेणी में मानते हुए मामले पर 25 नवंबर तक जवाब पेश करने का समय दिया है।