आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आगामी विधानसभा चुनाव के चलते तीन दिन के तेलंगाना दौरे पर हैं। आज उनके दौरे का दूसरा दिन है। सुबह 10 बजे राहुल ने विजयभेरी यात्रा में हिस्सा लिया। यह यात्रा जयशंकर चौक से पन्नूर विलेज तक निकाली गई।

यात्रा का समापन भूपलपल्ली में हुआ। यहां राहुल ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा- तेलंगाना राज्य का पूरा नियंत्रण एक परिवार के हाथों में है और राज्य में भ्रष्टाचार देश में सबसे ज्यादा है। बीजेपी-बीआरएस वही पार्टियां हैं।

तेलंगाना में राहुल के दौरे के दूसरे दिन का कार्यक्रम

राहुल गुरुवार को दो रैलियां करेंगे। दोनों रैलियों में सिर्फ तीन घंटे का अंतर होगा। कांग्रेस की तरफ से जारी शेड्यूल कार्यक्रम के मुताबिक, राहुल दिन में दो बार विजयभेरी यात्रा में भी शामिल होंगे। इसके अलावा कांग्रेस नेता 1.5 किलोमीटर पैदल चलकर लोंगों से मुलाकात भी करेंगे।

4:30 बजे – पहली रैली, जूनियर कॉलेज ग्राउंड पेद्दापल्ली।

5:45 बजे – “विजय भेरी यात्रा”, पेद्दापल्ली से करीमनगर तक बस द्वारा।

7:00 बजे – पदयात्रा, करीमनगर हाउसिंग बोर्ड सर्कल से राजीव चौक तक।

7:15 बजे – दूसरी रैली, राजीव चौक

तेलंगाना में राहुल के दौरे का पहला दिन

राहुल, प्रियंका के साथ बुधवार को तेलंगाना आए थे। दोनों मुलुगु जिले के रामप्पा मंदिर पहुंचे थे। यहां पूजा-अर्चना करने के बाद दोनों नेताओं ने रोड शो किया था। रात को प्रियंका वापस दिल्ली लौट गईं थीं। जबकि यहां राहुल तीन दिन रुकेंगे।

राहुल गांधी तेलंगाना में 3 दिन रुकेंगे

कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, 19 अक्टूबर को राहुल सरकारी खनन कंपनी सिंगरेनी कोलियरीज के कार्यकर्ताओं से मिलेंगे और पेद्दापल्ली और करीमनगर में मीटिंग में शामिल होंगे। 20 अक्टूबर को वह जगतियाल में किसानों की एक रैली के अलावा आर्मूर और निजामाबाद में पार्टी के कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

तेलंगाना में कांग्रेस 55 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर चुकी

राहुल के दौरे से पहले 15 अक्टूबर को कांग्रेस राज्य में 55 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान कर चुकी है। तेलंगाना विधानसभा का कार्यकाल 16 जनवरी 2024 को खत्म होने वाला है। 119 सीटों वाले तेलंगाना में 30 नवंबर को वोटिंग होगी। यहां पिछली बार दिसंबर 2018 में विधानसभा चुनाव हुए थे और तेलंगाना राष्ट्र समिति ने सरकार बनाई थी। चंद्रशेखर राव दूसरी बार सीएम बने थे।

2018 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को 19 सीटें मिली थीं

तेलंगाना में 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को 19 सीटें मिली थीं। BJP के खाते में सिर्फ एक सीट आई थी। मौजूदा मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की पार्टी TRS (2022 को पार्टी का नाम तेलंगाना राष्ट्र समिति से बदलकर भारत राष्ट्र समिति कर दिया गया) को सबसे ज्यादा 88 सीट मिली थीं।

मौजूदा स्थिति की बात करें तो सत्ताधारी पार्टी के पास इस वक्त 119 विधानसभा सीटों में से 101 विधायक हैं। वहीं असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM के पास 7 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के पास पांच, भाजपा के पास तीन, AIFB के पास एक, एक नॉमिनेटेड और एक निर्दलीय विधायक है।

तेलंगाना में 30 नवंबर को वोटिंग, 3 दिसंबर को रिजल्ट

चुनाव आयोग ने 9 अक्टूबर को मध्यप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया। इन राज्यों में चुनावी प्रक्रिया 27 दिन चलेगी। सबसे पहले मिजोरम में 7 नवंबर को मतदान होगा। इसके बाद मध्यप्रदेश में 17 नवंबर को मतदान होगा। छत्तीसगढ़ में 2 चरणों में 7 नवंबर और 17 नवंबर को वोटिंग होगी। फिर 25 नवंबर को राजस्थान और 30 नवंबर को तेलंगाना में वोट डाले जाएंगे। सभी 5 राज्यों में एक साथ 3 दिसंबर को रिजल्ट आएंगे।