आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : तेलंगाना में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के तीन दिन के चुनावी दौरे का आज आखिरी दिन हैं। उन्होंने जगतियाल में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा- तेलंगाना में कांग्रेस के बब्बर शेरों की सरकार होगी। यहां की जनता की सरकार होगी।

कांग्रेस के बब्बर शेर BRS की सरकार को उखाड़ फेकेंगे। तेलंगाना के सपने को पूरा करने के लिए पहला कदम जाति आधारित गणना है। ​​​​​पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम केसीआर यहां जाति जनगणना नहीं करवाना चाहते हैं। कांग्रेस तेलंगाना का इस सपने को पूरा करके दिखाएगी।

राहुल ने कहा- तेलंगाना में भाजपा, बीआरएस और AIMIM पार्टी मिली हुई है। हम जहां भी चुनाव लड़ते हैं, वहां भाजपा की मदद करने के लिए AIMIM अपने कैंडिडेट्स खड़े कर देती है।

पीएम मोदी ओबीसी वर्ग की आबादी नहीं बताना चाहते

राहुल ने जाति जनगणना पर कहा- ना तो पीएम मोदी और ना ही केसीआर तेलंगाना में OBC वर्ग की आबादी बताना चाहते हैं। मैंने लोकसभा में जाति जनगणना की बात उठाई। लेकिन प्रधानमंत्री ने मेरे सवालों का जवाब नहीं दिया।

देश के 90 अफसरों में सिर्फ 3 अफसर OBC वर्ग के हैं, जो देश का केवल 5 फीसदी बजट कंट्रोल करते हैं। क्या देश में OBC की अबादी सिर्फ 5 फीसदी है? पीएम मोदी आपको ये सच्चाई नहीं बताना चाहते हैं, क्योंकि वह आपकी जेब से पैसा निकालकर अडानी जैसे लोगों की जेब में डालते हैं।

कांग्रेस तेलंगाना में बंद पड़ी फैक्ट्री को शुरू करवाएगी

राहुल ने सीएम केसीआर पर निशाना साधते हुए कहा- तेलंगाना का पूरा धन एक परिवार के कंट्रोल में है। राज्य में हजारों करोड़ रुपए आ रहे हैं, लेकिन यहां शुगर फैक्ट्री बंद पड़ी है। कांग्रेस की सरकार आएगी तो इस शुगर फैक्ट्री को दोबारा शुरू करेगी।

18 अक्टूबर: राहुल के तेलंगाना दौरे का पहला दिन

राहुल ने बहन प्रियंका के साथ रामप्पा मंदिर में दर्शन किए

राहुल गांधी, बहन प्रियंका के साथ 18 अक्टूबर को तेलंगाना पहुंचे। दोनों ने मुलुगु जिले के रामप्पा मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद राहुल और प्रियंका गांधी ने रोड शो किया था। फिर दोनों ने महिला सम्मेलन को संबोधित किया।

प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस की सरकार लोगों की सरकार थी और जनता को मजबूत करने के लिए बनाई गई थी। हमने तेलंगाना के लिए एक विजन और रोडमैप बनाया है। जो गारंटी दी हैं, उस पर काम शुरू कर दिया गया है।

राहुल गांधी बोले- KCR ने कई वादे किए, लेकिन एक भी वादा पूरा नहीं किया। उन्होंने घोटालों की लाइन लगा रखी है। बुधवार रात कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वापस दिल्ली लौट गईं थीं।

19 अक्टूबर: राहुल के तेलंगाना दौरे का दूसरा दिन

राहुल गांधी ने करीमनगर हाउसिंग बोर्ड सर्कल से राजीव चौक तक पैदल मार्च किया। 30 मिनट पर पैदल मार्च करने के बाद राहुल गांधी ने राजीव चौक पर एक जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि देश जानता है कि अगर एक आदमी बीजेपी का मुकाबला करता है, उनके सामने खड़ा होता है तो वो राहुल गांधी है।

मेरे खिलाफ 24 मुकदमें हैं, मेरी सांसदी छीन ली। आपके (तेलंगाना) सीएम के खिलाफ मोदी ने कितने केस लगाए, एक भी नहीं। न ED उनके पीछे है, और न CBI है। KCR और बीजेपी एक-दूसरी की मदद करते हैं। यहां पर लहर आ रही है, जैसे सूनामी आती है, वैसे ही तेलंगाना में सूनामी आने वाली है कांग्रेस की।