आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मध्यप्रदेश के सतना जिले में राहुल गांधी ने कहा, पीएम मोदी का रिमोट कंट्रोल अडानी के हाथ में है। मप्र को 53 अफसर चलाते हैं, इनमें सिर्फ एक अफसर ओबीसी है। अगर मप्र का बजट 100 रु. है तो ओबीसी अफसर सिर्फ 33 पैसे पर निर्णय लेता है। मतलब आबादी 50 फीसदी, लेकिन भागीदारी 100 रु. में सिर्फ 33 पैसे।
राहुल ने कहा, मोदी और शिवराज ने हमारी सरकार चोरी की। क्योंकि वो जानते हैं कि कांग्रेस सरकार अडानी के लिए काम नहीं करेगी। जैसे ही मप्र में कांग्रेस सरकार आएगी, सबसे पहला कदम जातीय जनगणना कराएंगे। केंद्र में आते ही नेशनल जातीय जनगणना कराएंगे।
राहुल गांधी के भाषण की 6 बड़ी बातें…
मोदी का सूट 2 करोड़ का: आपने PM मोदी को कभी दो दिन में एक ही सूट में देखा है क्या? मेरी सफेद शर्ट तो चलती है। मोदी 2 करोड़ का सूट पहनते हैं। उनके कपड़े रोज नए और लाखों रुपए के होते हैं।
मोदी के दिमाग से जाति गायब: मोदी कहते हैं देश में सिर्फ एक जाति है, गरीब। ओबीसी, दलित, आदिवासी नहीं हैं। मैंने जाति जनगणना की बात कर दी, इनके दिमाग से जाति की बात ही गायब हो गई।
सरकार MLA नहीं, अफसर चलाते हैं: मोदी-चौहान कहते हैं कि MP में ओबीसी की सरकार चल रही है। सरकार तो अफसर चलाते हैं। बच्चे भी अफसर बनना चाहते हैं क्योंकि वो जानते हैं कि सरकार एमएलए नहीं चलाते।
जीएसटी गरीब जनता देती है: रोजगार बड़े उद्योगपति नहीं, छोटे व्यापारी देते हैं। इसलिए मोदी ने जीएसटी लगा दिया। ये जीएसटी गरीब जनता देती है। इस पैसे से अडानी अमेरिका, जापान और दुबई में घर खरीदते हैं।
MP की नींव को खत्म किया: MP में जो नींव थी उसे बीजेपी ने उखाड़ फेंक दिया। नींव किसान, मजदूर, बेरोजगार युवा, छोटे दुकानदार और मध्यम व्यापार चलाने वाले हैं। बीजेपी ने 20 साल में इन्हें खत्म कर दिया।
किसानों को नहीं मिल रहे सही दाम: MP में 18 साल में 18 हजार किसानों ने कर्ज के कारण आत्महत्या की। मैंने एक किसान से पूछा कि तुम्हारे पास कितनी जमीन है। उसने कहा ये जानकर क्या करूंगा, बेचना ही नहीं है। जमीन के सही पैसे नहीं मिलते। कर्ज ही लेना पड़ता है।