आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : कांग्रेस सांसद राहुल गांधी तेलंगाना में चुनावी दौरे पर हैं। गुरुवार (2 नवंबर) को उन्होंने अम्बाटपल्ली में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान राहुल ने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री केसीआर ने जनता का जितना पैसा चोरी किया है, कांग्रेस सबको उतना पैसा लौटाएगी।
राहुल ने कहा कि कालेश्वरम प्रोजेक्ट केसीआर का ATM है। इस ATM को चलाने के लिए तेलंगाना के सभी परिवारों को 2040 तक हर साल 31 हजार 500 रुपए देने होंगे।
तेलंगाना में कांग्रेस की सरकार बनी तो महिलाओं के बैंक अकाउंट में हर महीने 2500 रुपए भेजा जाएगा। 1000 रुपए का सिलेंडर 500 रुपए में मिलेगा।
कांग्रेस सांसद ने कहा- पब्लिक बसों में महिलाओं फ्री में सफर कर सकेंगी। उनके ट्रैवल का 500 से 1000 रुपए बचेगा। इस तरह महिलाओं को हर महीने 4000 रुपए का फायदा होगा।
KCR सीएम पद को BYE-BYE बोलेंगे, फिर लूटे गए पैसे पर सवाल पूछा जाएगा
इससे पहले बुधवार को भी राहुल ने मुख्यमंत्री केसीआर पर हमला बोला था। कलवाकुर्थी में जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा- मैं नरेंद्र मोदी नहीं हूं। जब वादा करता हूं तो उसे पूरा करके दिखाता हूं।
BJP के नेता यहां आकर कहते हैं कि हम OBC मुख्यमंत्री बनाएंगे। अरे भई! यहां आपको 2% वोट मिलेगा, मुख्यमंत्री कैसे बनाओगे? KCR पहले मुख्यमंत्री पद को BYE-BYE बोलेंगे, फिर इनसे जनता से लूटे गए पैसे पर सवाल पूछा जाएगा।
राहुल के कल की स्पीच की 5 बड़ी बातें…
- राहुल ने कहा- KCR, भाजपा और AIMIM मिले हुए हैं
राहुल ने रैली को संबोधित करते हुए कहा- तेलंगाना के मुख्यमंत्री KCR की पार्टी BRS ने ओवैसी की पार्टी AIMIM से गठबंधन किया है। भाजपा AIMIM कैंडिटेट को चुनाव लड़ने के लिए पैसा देती है।जहां भी कांग्रेस पार्टी चुनाव लड़ती है। वहां, भाजपा AIMIM की मदद करती है।
- तेलंगाना में 10 साल से एक परिवार का राज
हमने सपना देखा था कि तेलंगाना की जनता इस प्रदेश में राज करे, लेकिन पिछले 10 साल में तेलंगाना की जनता का नहीं सिर्फ एक परिवार का राज है। यह परिवार मुख्यमंत्री का है। KCR सरकार ने कालेश्वरम प्रोजेक्ट के नाम पर राज्य की जनता से एक लाख करोड़ रुपए चोरी किए हैं।
- KCR के जाने का समय आ गया
KCR पहले मुख्यमंत्री पद को BYE-BYE बोलेंगे, फिर उनसे जनता से लूटे गए पैसे पर सवाल पूछा जाएगा। यहां पर मुख्यमंत्री राव, उनका परिवार और उनके भ्रष्ट नेताओं और कांग्रेस पार्टी के बीच चुनाव है।
- मैं नरेंद्र मोदी नहीं हूं, अपने वादे पूरा करूंगा
मैं नरेंद्र मोदी नहीं हूं। जब वादा करता हूं तो उसे पूरा करके दिखाता हूं। नरेंद्र मोदी ने कहा था- 15 लाख रुपए हर बैंक खाते में डालूंगा। आपके खाते में एक रुपया नहीं आया और अडाणी के बैंक खाते में लाखों-करोड़ रुपए चले गए।
- भाजपा को दो प्रतिशत भी वोट नहीं मिलने वाले
हम पूरे देश में BJP का टायर पंक्चर करने जा रहे हैं। पहले हम तेलंगाना, मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में जीतेंगे, फिर 2024 में हम देश में जीतेंगे। BJP के नेता तेलंगाना में कहते हैं कि हम OBC मुख्यमंत्री बनाएंगे। अरे भई! यहां आपको 2% वोट मिलेगा, मुख्यमंत्री कैसे बनाओगे?