मुंबई । दिल्ली ने IPL 2022 में पंजाब किंग्स के खिलाफ टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला किया। पंजाब की टीम 20 ओवर में सिर्फ 115 रन ही बना सकी। ये इस सीजन का सबसे कम स्कोर है। दिल्ली के स्पिन गेंदबाजों ने कमाल की गेंदबाजी की और मैच में 6 विकेट झटके। 2 विकेट अक्षर, 2 विकेट कुलदीप और 2 विकेट ललित यादव के खाते में आए।
कुलदीप यादव और अक्षर पटेल ने मैच में शानदार गेंदबाजी करते हुए 2-2 विकेट अपने नाम किए हैं। पूरी तरह सेट हो चुके जितेश शर्मा 23 गेंद पर 32 रन बनाकर अक्षर पटेल की गेंद का शिकार हुए। पंजाब के सलामी बल्लेबाज मयंक अग्रवाल और शिखर धवन एक बार फिर बड़ी साझेदारी नहीं कर पाए। शिखर 10 गेंद में 9 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, मयंक के बल्ले से 24 रन निकले।
धवन को ललित और मयंक को मुस्तफिजुर रहमान ने आउट किया।दोनों सलामी बल्लेबाज के आउट होने के बाद बड़ा स्कोर बनाने की जिम्मेदारी मध्यक्रम के बल्लेबाजों पर आई, लेकिन बेयरस्टो और लिविंगस्टोन ने निराश किया। इस सीजन एक भी अच्छी पारी नहीं खेल पाए बेयरस्टो सिर्फ 9 रन बनाकर खलील अहमद की गेंद पर कैच आउट हो गए। वहीं, लिविंगस्टोन भी कुछ खास नहीं कर पाए और अक्षर पटेल की गेंद पर सिर्फ 2 रन बनाकर आउट हुए।