आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : साउथ कश्मीर के पुलवामा में आतंकियों ने उत्तर प्रदेश के एक मजदूर की हत्या कर दी। घटना नौपोरा जिले की है। मजदूर की पहचान मुकेश कुमार के तौर पर हुई है।

पुलिस ने जानकारी दी कि मजदूर को सोमवार दोपहर में आतंकियों ने गोली मारी। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आतंकियों को पकड़ने के लिए इलाके को सील कर दिया गया है।

आज की अन्य बड़ी खबरें…

बेंगलुरु के बस डिपो में आग लगी, 50 बसें आग की चपेट में

सोमवार को बेंगलुरु के वीरभद्र नगर के बस डिपो में आग लग गई। डिपो में खड़ी करीब 50 बसें आग की चपेट में आ गईं। वहीं, अब तक 10 बसें जल चुकीं हैं।

आग पर काबू पाने के लिए मौके पर फायर ब्रिगेड की 2 गाड़ियां मौजूद हैं। फायर ऑफिसर ने बताया कि फिलहाल स्थिति काबू में है। आग लगने का कारण जानने के लिए जांच की जा रही है।

उत्तर प्रदेश में स्कूल बस और वैन की टक्कर; ड्राइवर और 4 बच्चों की मौत, 13 छात्र घायल

उत्तर प्रदेश के बदायूं में सोमवार सुबह एक स्कूली बस और वैन की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में 4 बच्चों और एक ड्राइवर की मौत हो गई। जबकि एक ड्राइवर और 13 बच्चे घायल हैं। हादसा सुबह करीब 8:45 बजे नवीगंज के पास हुआ। म्याऊं कस्बे के SRPS स्कूल की वैन बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। ठीक उसी वक्त गांवों से छात्रों को लेकर जा रही सत्यदेव इंटर कॉलेज की बस से वैन से भिड़ गई।

कश्मीर के कुपवाड़ा में घुसपैठ कर रहा एक आतंकी ढेर, इलाके में सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन जारी

जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के केरन सेक्टर में पुलिस ने एक आतंकवादी को मार गिराया है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने ‘X’ पर पोस्ट कर लिखा कि पुलिस और आर्मी के एक जॉइंट ऑपरेशन में केरन सेक्टर में घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया है। इसमें एक आतंकी मारा गया है। इलाके में तालाशी अभियान अभी जारी है।

देवघर और गोड्डा में ED की छापेमारी:जमीन और शराब घोटाला से जुड़े हैं

सोमवार 30 अक्टूबर की सुबह देवघर और गोड़्डा के कई कारोबारियों के ठिकानों पर आयकर विभाग की टीम ने छापेमारी की है। शराब कारोबारियों पर भी ED नकेल कस रही है। गोड्डा जिले में शराब कारोबारी मुकेश बजाज के कई ठिकाने पर छापा पड़ने की खबर आ रही है। संभावना है कि इन सब का संबंध झारखंड में हुए बड़े शराब घोटाले से भी है।

250 करोड़ रुपए की मेफेड्रोन, केटामाइन और कोकीन जब्त, दो लोग गिरफ्तार

डायरक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलीजेंस (DRI) पुणे और अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने 20 अक्टूबर को एक जॉइंट ऑपरेशन में 250 करोड़ रुपए कीमत के मेफेड्रोन, केटामाइन और कोकीन जब्त की। इसी के साथ छत्रपति संभाजी नगर से दो लोगों को पकड़ा।

कोलकाता में कॉमर्शियल टैक्स अफसर ने आत्महत्या की, घर में फांसी लगाई

कोलकाता के एक कॉमर्शियल टैक्स ऑफिसर ने अपने घर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। रविवार को उनके घर से उनका शव बरामद हुआ। पुलिस ने बताया कि वे अपनी पत्नी के माता-पिता के घर से लौटे थे।

शाम 4 बजे पड़ोसियों ने उनके घर का दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई रिस्पॉन्स न मिलने के बाद उन्होंने अफसर की बीवी को जानकारी दी, जिसके बाद उसने घर का ताला तोड़ा। पुलिस ने बताया कि घर के अंदर अफसर की डेड बॉडी मिली, लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।