लंदन । भारतीय टेस्ट टीम के बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान के साथ काउंटी क्रिकेट चैंपियनशिप में उतरे हैं। पुजारा और रिजवान ने डिविजन 2 में ससेक्स की ओर से पदार्पण किया है। पुजारा ने इससे पहले भी इंग्लैंड में प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेल चुके हैं पर रिजवान पहली बार काउंटी क्रिकेट खेल रहे हैं।
टॉम डेन्स की कप्तान वाली ससेक्स की टीम में पुजारा और रिजवान दोनों को अंतिम ग्यारह खिलाड़ियों में शामिल किया गया है। । खराब फार्म के कारण भारतीय टीम से बाहर चल रहे पुजारा का लक्ष्य काउंटी क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन कर लय हासिल करना रहेगा।
इससे वह टेस्ट टीम में वापसी के लिए अपना दावा भी पेश कर पायेंगे। वहीं रिजवान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर बल्लेबाज में से एक बनना चाहेंगे। ससेक्स की टीम अपना पहला मैच हारी है और ऐसे में मुख्य कोच इयान सालिसबरी को उम्मीद रहेगी कि पुजारा और रिजवान इस मैच में बेहतर प्रदर्शन कर उनकी टीम को जीत दिलाएंगे।
सालिसबरी ने कहा कि रिजवान और पुजारा जैसे बेहतरीन खिलाड़ियों को शामिल कर वह उत्साहित हैं। साथ ही कहा कि इनके आने से हमारी टीम का प्रदर्शन बेहतर होगा।