आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी बुधवार को मध्यप्रदेश के दौरे पर हैं। वे सांवेर (इंदौर) में चुनावी सभा को संबोधित कर देवास पहुंची हैं।

खातेगांव (देवास) की चुनावी सभा में उन्होंने कहा, ‘हवाई अड्‌डे, बंदरगाह, बड़ी कंपनियां अडाणी की हैं। वे आपको सरकारी नौकरी दे सकते हैं? आपकी पेंशन को सुरक्षित रखेंगे? अरे, सरकार ही आपकी पेंशन को सुरक्षित नहीं रख रही।’

इससे पहले सांवेर में उन्होंने BJP की तुलना अहिरावण से की। कहा, ‘अहिरावण ने जिस तरह भगवान राम और लक्ष्मण जी से छल किया, उसी तरह आपके साथ भी कुछ बहरूपियों ने छल किया। आपकी चुनी हुई सरकार चोरी की और उसे ‘भ्रष्टाचार लोक’ में ले गए।’

प्रियंका ने कहा, ‘अगर आज आप हनुमान नहीं बनेंगे, तो यहां से जो छल शुरू हुआ, उसे कौन ठीक करेगा? इसलिए आपको हनुमान बनना पड़ेगा। कांग्रेस को वापस लाना पड़ेगा।’

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव ने मध्यप्रदेश सरकार में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट को भी घेरा। बोलीं, ‘जब कोरोना का कहर था, आपके यहां से स्वास्थ्य मंत्री सिलावट बेंगलुरु के रिजोर्ट में आपकी सरकार की सौदेबाजी कर रहे थे। वे सरकार में मिलावट कर रहे थे। एक ऐसा नेता जिसने पैसों के लिए जनमत को बिगाड़ दिया, अच्छा हुआ दूसरी पार्टी में चले गए।’

बता दें, सिलावट 2020 में ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। प्रियंका इंदौर में रोड शो करेंगी। 3 दिन में उनका यह दूसरा दौरा है।

सांवेर में प्रियंका के भाषण की 5 बड़ी बातें…

मोदी का एजुकेशन सर्टिफिकेट कांग्रेस के कम्प्यूटर में छपा: ये कहते हैं कि 70 साल में कुछ नहीं हुआ? फिर मोदी जी स्कूल कैसे गए? मुझे नहीं मालूम कि वे कॉलेज गए थे या नहीं? लेकिन, उनका ‘एनटायर पॉलिटिकल साइंस’ का सर्टिफिकेट जरूर कांग्रेस के दिए गए कम्प्यूटर पर छपा होगा। प्रधानमंत्री रहते हुए मेरे पिता जब कम्प्यूटर लाए, तब भाजपा ने विरोध किया था।

नेहरू जी ने जो बनाया, उद्योगपतियों को दे दिया: देश में AIIMS, IIT, बड़े अस्पताल नेहरू जी की सोच की वजह से हैं। जो नेहरू जी ने बनाया, जनता की मेहनत से बना और जहां से रोजगार मिलते थे, सभी अपने उद्योगपति मित्रों को दे दिए। BHEL के बारे में पूछिएगा मोदी जी से।

नेता के चुनाव में प्रभु श्रीराम के उसूलों को ढूंढे: जो उसूल और परंपराएं रामायण के समय से हमारे देश में चली आ रही हैं, महात्मा गांधी जी भी उन्हीं उसूलों पर चलते थे। श्री राम वनवास चले गए, लेकिन जनता श्री राम को ही राजा के रूप में देखना चाहती थी। इसलिए जब हम अपने नेता का चुनाव करें, तो उसमें हमेशा प्रभु श्री राम के उसूलों को ढूंढना चाहिए।

MP में घोटालों पर घोटाले हो रहे: आज छत्तीसगढ़ में सबसे कम बेरोजगारी है। बगल में आपका मध्यप्रदेश। 18 साल से भाजपा सरकार है। पिछले तीन साल में कितने रोजगार दिए। सिर्फ 21 रोजगार दिए। खाली पद भरे ही नहीं गए। यहां 7 हजार से ज्यादा पाठशालाएं बंद हो गईं। घोटालों पर घोटाले हो रहे हैं।

अब आपको बताया कि आप ‘लाड़ली’ हैं: जिसने 18 साल आपके लिए काम नहीं किया, वो चुनाव से पहले खाते खुलवा रहा है। चुनाव से दो महीने पहले बताया आप ‘लाड़ली’ हैं,18 साल कुछ नहीं किया। आपको ऐसी सरकार चाहिए, जो सचमुच आपके लिए काम करे।

प्रियंका की MP के लोगों को गारंटी

महिलाओं को हर महीने 1500 रुपए

किसानों का कर्ज माफ

100 यूनिट बिजली माफ, 200 यूनिट हाफ

पुरानी पेंशन लागू

500 रुपए में गैस सिलेंडर

2 लाख खाली सरकारी पद भरेंगे

स्कूली छात्रों को छात्रवृत्ति

MSP की गारंटी

युवाओं को 3000 रु. बेरोजगारी भत्ता

12वीं तक निःशुल्क शिक्षा

प्रतियोगी परीक्षा शुल्क में 100% छूट

25 लाख रु. तक का बीमा

OBC को 27% आरक्षण

जाति जनगणना

कमलनाथ बोले- सबका हिसाब लिया जाएगा

सांवेर की चुनावी सभा में मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा, ‘गुंडागर्दी करने वाले समझ जाएं, कल के बाद परसों भी आता है। सबका हिसाब लिया जाएगा। कमलनाथ 2018 के नहीं 2023 के मॉडल हैं। 7 दिन बाद पुलिस, पैसा और प्रशासन कहां जाएगा, ये कमलनाथ देखेंगे।’ उन्होंने कहा, ‘ये पूछते हैं कि 70 साल में कांग्रेस ने क्या किया? मोदी और शिवराज जी, आप जिन स्कूलों – कॉलेजों में गए, वो कांग्रेस ने बनाए।’