वेस्टइंडीज़ के स्टार ऑलराउंडर कीरोन  पोलार्ड ने आईपीएल के बीच में ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। आईपीएल के 15 वें सत्र में मुम्बई इंडियंस की ओर से खेलने के कारण पोलार्ड अभी भारत में ही हैं। 34 साल के पोलार्ड ने बुधवार सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर एक संदेश साझा करते हुए अपने संन्यास की घोषणा कर दी।

पोलार्ड ने अपने संदेश में लिखा है कि काफी सोचने के बाद मैंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास का फैसला लिया है। अन्य  कई युवाओं की तरह मेरा भी सपना वेस्टइंडीज़ टीम के लिए क्रिकेट खेलना था, मैं बड़े गर्व से कहता हूं कि मैंने 15 साल तक वेस्टइंडीज़ की ओर टी-20 और एकदिवसीय क्रिकेट खेला है। अब मैं युवाओं को अवसर देना चाहता हूं।

पोलार्ड ने वेस्टइंडीज़ की ओर से अबतक 123 एकदिवसीय मैचों के साथ ही 101 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच भी खेले हैं।  पोलार्ड के नाम 2706 एकदिवसीय रन, 55 विकेट हैं।  टी-20 अंतरराष्ट्रीय में पोलार्ड ने 1569 रन, 42 विकेट अपने नाम किए हैं। पोलार्ड ने विंडीज के खिलाफ 2019 के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कप्तानी की भूमिका भी निभाई। उन्होंने 17 एकदिवीसय मैचों में 11 बार टीम को जितवाया। उनकी जीत प्रतिशत 64.7 है। इसी तरह टी-20 के 17 मैच में उन्होंने टीम को 7 बार जीत दिलाई जबकि 8 बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा। वहीं दो मैच टाई रहे।

फरवरी 2013 में सिडनी के मैदान पर पोलार्ड ने अपने इंटरनेशनल करियर की बेहतरीन पारी खेली थी। उन्होंने मिचेल जॉनसन और जेम्स फॉल्कनर की गेंदों पर शानदार बल्लेबाजी करते हुए 72 गेंदों में 109 रन बनाए थे।