नई दिल्ली । इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के इस 15 वें सत्र में महंगे दामों पर रखे गये विदेशी खिलाड़ी अब तक फ्लॉप रहे हैं। इसमें वेस्टइंडीज के कीरोन पोलार्ड से लेकर इंग्लैंड के मोईन अली और ऑस्ट्रेलिया के डेनियल सैम्स जैसे खिलाड़ी भी हैं। ऐसे में अब आने वाले मैचों में इन खिलाड़ियों को अपने चयन को सही साबित करना होगा।
कीरोन पोलार्ड :
कीरोन पोलार्ड विश्व के बेहतरीन ऑलराउंडर में शामिल हैं। इस खिलाड़ी को मुंबई इंडियंस ने 6 करोड़ रुपये में रखा था। पोलार्ड ऐसे खिलाड़ी हैं जो अपनी ही बल पर टीम को जीत दिला सकते हैं पर इस सत्र में वह अब तक प्रभावी नहीं रहे हैं। पोलार्ड आईपीएल 2022 के 6 मैचों में कुल 82 रन ही बना पाये हैं। बल्लेबाजी के साथ ही वह गेंदबाजी में भी अपना असर नहीं दिखा पाये हैं।
डेनियल सैम्स :
ऑस्ट्रेलिया के 29 वर्षीय तेज गेंदबाज डेनियल सैम्स ने घरेलू क्रिकेट लीग बीबीएल में शानदार प्रदर्शन किया था जिसके आधार पर उन्हें आईपीएल में जगह मिली थी पर वह यहां नाकाम साबित हुए। सैम्स को मुंबई इंडियंस ने 2.60 करोड़ रुपये में खरीदा था।
कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ इस गेंदबाज ने एक ही ओवर में 35 रन दे दिये। यह आईपीएल के इतिहास में दूसरा सबसे महंगा ओवर था। इसके बाद से ही उन्हें चार मैचों में जगह नहीं मिली। तीन मैचों में भी वह एक ही विकेट ले पाये हैं। बल्लेबाजी में वह दो अंकों तक भी नहीं पहुंचे।
मोईन अली :
इंग्लैंड के ऑलराउंडर मोईन अली को चेन्नई सुपरकिंग्स ने 8 करोड़ रुपये में बरकरार खा था पर इस क्रिकेटर ने टीम को निराश ही किया। इस सत्र में मोईन ने 5 मैचों में 21.50 की औसत से 87 रन ही बनाये हैं। इसके अलावा गेंदबाजी में भी वह अपना खाता नहीं खोल पाये। चेन्नई ने मोईन अली को दक्षिण अफ्रीका के अनुभवी बल्लेबाज फाफ डुप्लेसी की जगह शामिल किया था पर यह उसके लिए फायदेमंद नहीं रहा है।