आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि मणिपुर हिंसा पर हम संसद में शुरू से चर्चा करने के पक्ष में थे। विपक्ष के लोग सिर्फ राजनीति करना चाहते थे। वे अविश्वास प्रस्ताव लाए, फिर वोटिंग से भाग गए। विपक्ष ने मणिपुर के साथ धोखा किया।

मोदी ने यह बात पश्चिम बंगाल के हावड़ा में हो रहे भाजपा के पंचायती राज परिषद कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए कही। पीएम ने बंगाल और मणिपुर हिंसा पर विपक्ष के रवैये और अपने 9 साल के कार्यकाल पर भी बात की।

मणिपुर पर विपक्ष के नेता कुछ भी बात कर रहे थे

PM ने संसद सत्र के दौरान विपक्ष के रवैये पर कहा, ‘विपक्ष वाले अविश्वास प्रस्ताव पर सिर्फ अरोप लगा रहे थे, बिना लॉजिक कुछ बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि विपक्ष मणिपुर पर बात नहीं करना चाहता है और मणिपुर पर बात नहीं हो सकती इसलिए विपक्ष वाले बिना तर्क के कुछ भी बात कर रहे थे।’

देश में नकारात्मकता फैलाने वालों को करारा जवाब दिया

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘हमने संसद में विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव को हराया और पूरे देश में नकारात्मकता फैलाने वालों को करारा जवाब दिया। विपक्ष के सदस्य संसद बीच में ही छोड़कर चले गए। सच तो यह है कि वे अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग से डर गए थे। बीजेपी वाले बिना घमंड के काम करते हैं और लोगों का दिल जीत रहे हैं।’

PM की स्पीच की 3 बातें…

पिछले 50 सालों से हम गरीबी हटाओ का नारा सुन रहे हैं, लेकिन वे गरीबी नहीं हटा पाए। जो काम वे 5 दशकों में नहीं कर सके, वो भाजपा सरकार ने इतने कम समय में करके दिखाया। हम लोग गरीबी को जीकर आए हैं। हमें पता है कि गरीबी की समस्याओं की जड़ कहां हैं। इसलिए हम जड़ों से गरीबी को काट पा रहे हैं।

हमने 18 हजार गांवों में बिजली पहुंचाई है। इनमें से 13 हजार गांव नॉर्थ-ईस्ट के थे। जो लोग आज मणिपुर-मणिपुर कर रहे हैं कि उनको कभी यह ख्याल नहीं आया कि पूर्वी भारत में 13 हजार गांव अंधेरे में थे।

हमने जलजीवन मिशन की शुरुआत की थी। तब देश के 20% से भी कम ग्रामीणों परिवारों तक नल से जल की सुविधा थी। आज 60% से भी ज्यादा ग्रामीण परिवारों को नल से पानी मिल रहा है।मिजोरम में 4 साल पहले तक केवल 6% घरों में पाइप से पानी पहुंचता था। आज यह आंकड़ा 90% से ज्यादा है।

मणिपुर मुद्दे पर PM मोदी और राहुल गांधी के बीच की बयानबाजी पढ़ें…

11 अगस्त को राहुल गांधी बोले- PM मणिपुर को जलाना चाहते हैं, बचाना नहीं, मणिपुर पर सिर्फ 2 मिनट बोले

राहुल गांधी ने 11 अगस्त को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाया कि PM मणिपुर को जलाना चाहते हैं, बचाना नहीं। संसद में 2 घंटे के अपने भाषण में वे मणिपुर पर सिर्फ 2 मिनट बोले। ये शोभा नहीं देता।

उन्होंने कहा- मणिपुर जल रहा है और प्रधानमंत्री हंस-हंसकर बोल रहे थे, ये उनको शोभा नहीं देता। अगर हिंदुस्तान में कहीं हिंसा हो रही है तो उन्हें इस तरह हंस-हंसकर नहीं बोलना चाहिए।

प्रधानमंत्री को ये पता नहीं लग रहा है कि हमारे देश में क्या हो रहा है। वो जा नहीं सकते तो वहां के बारे में बोलें तो। जो मणिपुर में हो रहा है, सेना उसे दो दिन में रोक सकती है।

10 अगस्त को PM बोले- मणिपुर समस्या के पीछे सिर्फ कांग्रेस की राजनीति, राजनीति के लिए मणिपुर का दुरुपयोग ना करें

पीएम 10 अगस्त को अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान संसद में बोले। इस दौरान उन्होंने कहा- नॉर्थ-ईस्ट हमारे जिगर का टुकड़ा है। नॉर्थ-ईस्ट की समस्याओं की एकमात्र जननी कांग्रेस है। वहां के लोग नहीं, कांग्रेस की राजनीति जिम्मेदार है।