आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 नवंबर से 27 नवंबर तक यानी तीन दिन तक तेलंगाना, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। इन तीन दिनों में पीएम तेलंगाना में 6 रैलियां और एक मेगा रोड शो करेंगे। इसके अलावा वे तिरूपति में भगवान वेंकटेश्वर के दर्शन भी करने जाएंगे।

पिछले 56 दिनों में तेलंगाना में पीएम का यह पांचवा दौरा है। इससे पहले, पीएम 1 अक्टूबर को महबूबनगर, 3 अक्टूबर को निजामाबाद में जनसभा कर चुके हैं। 7 नवंबर को मोदी हैदराबाद आए थे। यहां उन्होंने एलबी स्टेडियम में ‘बीसी आत्मा गौरव’ रैली में हिस्सा लिया था। वहीं, 11 नवंबर को उन्होंने हैदराबाद में ही जनसभा की थी।

पीएम मोदी के तेलंगाना दौरे का शेड्यूल

पहला दिन: 25 नवंबर को पीएम मोदी कर्नाटक जाएंगे। वे सुबह साढ़े नौ बजे हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) कॉम्पलेक्स का मुआयना करेंगे। इसके बाद पीएम तेलंगाना के लिए रवाना होंगे। यहां दोपहर 2:15 बजे कमाररेड्डी में और 4:15 बजे रंगारेड्डी में जनसभाएं करेंगे। रात को वे हैदराबाद राजभवन में आराम करेंगे।

दूसरा दिन: 26 नवंबर को पीएम मोदी सुबह 11:30 बजे हैदराबाद के कान्हा शांति वनम में सार्वजनिक कार्यक्रम में शामिल होंगे। वे दोपहर 2:15 बजे दुबक्का में और 3:45 बजे निर्मल में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वे तिरुमला के लिए रवाना होंगे। रविवार रात वे तिरुमला के श्री रचना रेस्ट हाऊस में रुकेंगे।

तीसरा दिन: 27 नवंबर की सुबह 8 बजे पीएम मोदी तिरुमला मंदिर में भगवान वेंकेटश्वर के दर्शन करेंगे। इसके बाद वे दोपहर 12:45 बजे महबूबाबाद और 2:45 बजे करीमनगर में जनसभाओं को संबोधित करेंगे। पीएम मोदी शाम 5 बजे हैदराबाद में मेगा रोड शो भी करेंगे। फिर दिल्ली रवाना हो जाएंगे।

पढ़िए पीएम मोदी के अब तक के तेलंगाना दौरों के बारे में….

11 नवंबर: मोदी बोले- BRS सरकार दलित विरोधी, कांग्रेस भी ऐसी ही

पीएम मोदी 11 नवंबर को हैदराबाद पहुंचे थे। यहां उन्होंने जनसभा में कहा था कि BRS दलित विरोधी है और कांग्रेस भी उसी के जैसी है। BRS ने नए संविधान की मांग कर बाबा साहेब अंबेडकर का अपमान किया है। कांग्रेस का भी ऐसा ही इतिहास रहा है। उन्होंने बाबा साहेब को दो बार चुनाव नहीं जीतने दिया था।

7 नवंबर : मोदी बोले- भ्रष्टाचारी चुकाएंगे लूटा हुआ पैसा, ये मोदी की गारंटी है

पीएम मोदी ने 7 नवंबर को हैदराबाद में एलबी स्टेडियम में एक जनसभा को संबोधित किया था। पीएम ने कहा था- भाजपा की सरकार बनते ही राज्य में भ्रष्टाचारियों को बख्शा नहीं जाएगा। जिन लोगों ने पैसा लूटा है, उनको चुकाना होगा। ये मोदी की गारंटी है।

3 अक्टूबर: एक गुजराती पटेल बेटे ने आजादी दिलाई,अब दूसरा गुजराती बेटा विकास के लिए आया प्रधानमंत्री मोदी 3 अक्टूबर को तेलंगाना पहुंचे थे। यहां निजामाबाद में उन्होंने कहा था कि तेलंगाना को एक गुजराती बेटे सरदार वल्लभ भाई पटेल ने आजादी दिलाई थी। अब दूसरा गुजराती बेटा विकास के लिए आया है। केंद्र ने BRS सरकार को विकास के लिए भारी पैसा भेजा, लेकिन उन्होंने उसे लूट लिया।

1 अक्टूबर: राज्य को ईमानदार सरकार की जरूरत, बीजेपी की सरकार होनी चाहिए

पीएम मोदी 1 अक्टूबर को तेलंगाना के महबूबनगर के दौरे पर थे। यहां उन्होंने 13,500 करोड़ रुपए की परियोजनाओं का लोकार्पण और इनॉगरेशन किया था। मोदी ने कहा था कि तेलंगाना के लोगों ने बदलाव करने का मन बना लिया है। अब यहां पारदर्शी और ईमानदार सरकार की जरूरत है। राज्य के लोगों ने भाजपा को मजबूत किया है। अब तेलंगाना में BJP की सरकार होनी चाहिए।