आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : पंजाब में जनवरी 2022 में PM नरेंद्र मोदी की सुरक्षा चूक के मामले में फिरोजपुर के तत्कालीन SP (ऑपरेशन) गुरबिंदर सिंह को सस्पेंड कर दिया गया है। पंजाब के DGP की तरफ से इस बारे में 18 अक्टूबर 2023 को रिपोर्ट दी गई, जिसमें कहा गया कि SP ने PM के दौरे के वक्त ड्यूटी सही ढंग से नहीं निभाई।
PM मोदी 5 जनवरी 2022 को बठिंडा से बाय रोड फिरोजपुर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में किसानों ने जाम लगा दिया। जिसके बाद उनका काफिला 20 मिनट तक फिरोजपुर में प्यारेआणा फ्लाईओवर पर रुका रहा। जहां से उनके काफिले को यू-टर्न लेकर वापस लौटना पड़ा।
बठिंडा के भिसियाना एयरपोर्ट पहुंचकर PM मोदी ने कहा था- “अपने मुख्यमंत्री को धन्यवाद कहना, मैं जिंदा लौट आया हूं।” जिसके बाद यह मामला काफी बढ़ गया। यह फ्लाईओवर भारत-पाकिस्तान के हुसैनीवाला बॉर्डर से कुछ ही दूरी पर स्थित था।
गुरबिंदर सिंह फिलहाल बठिंडा में SP तैनात थे। उन्हें आदेश दिया गया है कि सस्पेंशन पीरियड के दौरान उनका मुख्य कार्यालय DGP ऑफिस चंडीगढ़ होगा। बिना अनुमति प्राप्त किए वे अपना मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे। बठिंडा से रिलीव कर उन्हें तुरंत DGP कार्यालय आने के लिए कह दिया गया है।
जांच कमेटी की रिपोर्ट में आया था नाम
फिरोजपुर में प्रधानमंत्री की सुरक्षा में अनदेखी को लेकर सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित जांच कमेटी की रिपोर्ट में तत्कालीन मुख्य सचिव अनिरुद्ध तिवारी और डीजीपी सिद्धार्थ चट्टोपाध्याय को भी आरोपी करार दिया गया था। कमेटी ने यह रिपोर्ट 8 महीने पहले अगस्त 2022 में सुप्रीम कोर्ट और सरकार को सौंपी थी। इस रिपोर्ट के आधार पर केंद्र ने दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए सितंबर 2022 में पंजाब सरकार को पत्र लिखा था। 6 महीने बीत जाने के बावजूद इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई।
पहले SSP हंस को ठहराया था जिम्मेदार
पहले इस पूरी घटना के लिए SSP हरमनदीप हंस को जिम्मेदार ठहराया गया था। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर बनी कमेटी की रिपोर्ट में तत्कालीन मुख्य सचिव और डीजीपी की लापरवाही सामने आई। ये भी कहा गया कि अधिकारियों के पास जो भी जिम्मेदारी थी, वे उसका ठीक से निर्वहन नहीं कर पाये। IG (SPG) आरआर भगत ने समय रहते पुलिस अधिकारियों को स्थिति की जानकारी दे दी थी, लेकिन इसके बावजूद समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई।
SP के सस्पेंशन के ऑर्डर..
PM सुरक्षा चूक पर भास्कर इन्वेस्टिगेशन सटीक:सुप्रीम कोर्ट ने पंजाब पुलिस को दोषी माना; हमने बताया था 7 में से 5 गलती पुलिस की
करीब 8 महीने पहले PM नरेंद्र मोदी के पंजाब दौरे में सुरक्षा चूक हुई थी। इसकी पड़ताल के लिए कमेटी बनाई गई थी। उस कमेटी ने गुरुवार, यानी 25 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट में रिपोर्ट पेश कर दी। इसकी सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस एनवी रमना की बेंच ने पाया कि सुरक्षा चूक के लिए पंजाब पुलिस जिम्मेदार है।
सुरक्षा में चूक की वजह से मोदी की रैली रद्द:बठिंडा एयरपोर्ट पर मोदी अफसरों से बोले- मैं एयरपोर्ट तक जिंदा पहुंच पाया, इसके लिए अपने CM को थैंक्स कहना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की फिरोजपुर रैली रद्द होने की वजह सुरक्षा में चूक को बताया जा रहा है। गृह मंत्रालय ने पंजाब सरकार से इसकी रिपोर्ट तलब की है। मंत्रालय ने अपने स्टेटमेंट में कहा कि पंजाब दौरे पर प्रधानमंत्री की सुरक्षा में चूक सामने आई है। मोदी ने एयरपोर्ट के अधिकारियों से कहा- अपने मुख्यमंत्री को मेरा शुक्रिया कहना कि मैं बठिंडा एयरपोर्ट तक जिंदा पहुंच सका।
साजिशन लीक हुआ PM मोदी का रूट:जाम लगाने वाले बोले- पहले ही पता चल गया था, स्पीकर से आवाज लगाकर भीड़ बुलाई; पुलिस साथ में चाय पीती रही
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिरोजपुर पहुंचने का रूट लीक किए जाने की पुष्टि हो गई है। रूट के बारे में प्रदर्शनकारियों को पहले ही पता चल चुका था। इसके बाद उन्होंने बगल के गांव प्यारेआणा में स्पीकर से अनाउंसमेंट कर भीड़ इकट्ठी की और पूरी रोड जाम कर दी।
तब तक कई किसान संगठन भी वहां आ चुके थे। पहले वह सिर्फ रैली में जा रही भाजपा वर्करों की बसों को रोक रहे थे। यह बात प्रदर्शनकारियों ने खुद कैमरे के सामने मानी है, जिनके वीडियो मीडिया में वायरल हो रहे हैं।