आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार 9 दिसंबर को विकसित भारत संकल्प यात्रा के लाभार्थियों से बात की। इसमें पीएम अलग-अलग राज्यों के लाभार्थियों से वर्चुअली जुड़े। बिहार की एक लाभार्थी से कहा कि खुशी है कि आपको योजनाओं का फायदा मिला। पहले तो स्कीम्स सिर्फ कागजों पर होती थीं। किसी को इनके बारे में पता नहीं होता था।
मोदी ने भरूच के भी एक लाभार्थी से बात की। इन्होंने बताया कि वे पहले मुंबई में थे, फिर भरूच आ गए। अब खेती करते हैं। सरकार की योजनाओं से काफी सहूलियत मिली। पीएम ने लाभार्थी की बेटी से भी बात की। पूछा कि मुंबई जाने का मन नहीं करता। बच्ची ने कहा- नहीं। इसके बाद मोदी ने बच्ची से वहां बैठे लोगों से भारत माता की जय के नारे लगवाने को कहा।
हजारों लाभार्थी वर्चुअली कार्यक्रम से जुड़े
प्रधानमंत्री शनिवार को दोपहर 12:30 बजे वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम से जुड़े। इसके बाद वह सभा को संभोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में देश भर से हजारों विकसित भारत संकल्प यात्रा लाभार्थी वर्चुअली शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान देश भर से दो हजार से अधिक वीबीएसवाई वैन, हजारों कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके) और कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) भी जुड़े।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री, सांसद, विधायक और स्थानीय स्तर के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। विकसित भारत संकल्प यात्रा पूरे देश में सरकार की प्रमुख योजनाओं को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुरू की गई। इसका मकसद है केंद्र सरकार की तमाम योजनाओं का लाभ सभी लाभार्थियों तक समय से पहुंच सके।
लाभार्थियों के साथ मोदी की चर्चा की 7 बातें…
विकसित भारत संकल्प यात्रा ऐसे लोगों तक पहुंचने का बहुत बड़ा माध्यम बनी है, जिन तक योजनाओं का लाभ नहीं पहुंचता था।
40 हजार से ज्यादा ग्राम पंचायत तक पहुंच चुकी है। इतने कम समय में सवा करोड़ लोग मोदी की गारंटी वाली गाड़ी तक पहुंच चुके हैं।
हमारे परिवार, गांव, देश को आगे बढ़ाना है, इस भाव के साथ लोग मोदी की गारंटी वाली गाड़ी के साथ जुड़ गए।
मोदी की गारंटी वाली गाड़ी के साथ लोग सेल्फी ले रहे हैं। जहां-जहां ये गाड़ी पहुंच रही है, लोगों में जबर्दस्त उत्साह देखा जा रहा है।
लक्षद्वीप, अंडमान, कारगिल में दूर-दूर स्थित गांवों में लोग गारंटी वाली गाड़ी के लिए कार्यक्रम कर रहे हैं और बड़ी संख्या में जुट रहे हैं।
मेरा मकसद है कि जहां, जिस गांव में ये गाड़ी पहुंचे, हर व्यक्ति उस गाड़ी तक पहुंचे। तभी हम विकसित भारत के संकल्प तक पहुंच पाएंगे।
अब लोग गारंटी वाली गाड़ी से आयुष्मान कार्ड, उज्ज्वला गैस कनेक्शन ले रहे हैं। मैं गाड़ी के माध्यम से आपके गांव तक सीधे आ रहा हूं।
आपके सुख-दुख का साथी बनूंगा। मेरे लिए गरीब, वंचित, जिनको कोई नहीं पूछता, उनको ना केवल मोदी पूछता है, बल्कि पूजता है। मेरे लिए देश का हर गरीब, हर किसान वीआईपी है।
देश विकसित होगा, ये मोदी की गारंटी है।