आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/ आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को चेन्नई स्टेशन पर चेन्नई-कोयंबटूर वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। इस ट्रेन से दोनों शहरों के बीच ट्रेन यात्रा के समय में एक घंटे से अधिक की कमी आएगी। यह ट्रेन दोनों शहरों के बीच की दूरी 5 घंटे 50 मिनट में तय करेगी। मोदी ने ट्रेन में स्कूली बच्चों से भी बातचीत की।

इसके पहले मोदी ने चेन्नई एयरपोर्ट पर बने नए इंटीग्रेटेड टर्मिनल का उद्घाटन किया। उन्होंने एयरपोर्ट से चेन्नई रेलवे स्टेशन तक रोड शो किया। 10 किमी के इस शो के दौरान सड़क के किनारे खड़े लोगों ने फूल बरसाकर पीएम का स्वागत किया। पीएम ने भी कार के अंदर से ही हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।