आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : शेयर बाजार ने आज यानी गुरुवार (7 दिसंबर) को गिरावट देखने को मिल रही है। सेंसेक्स मामूली गिरावट के साथ 69,600 के करीब पर कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी भी फ्लैट है, यह 20,900 के करीब कारोबार कर रहा है। पेटीएम के शेयरों में 20% की गिरावट है।
इससे पहले सेंसेक्स 41 पॉइंट बढ़कर 69,694 के स्तर पर खुला। वहीं निफ्टी में 5 अंक की गिरावट रही, यह 20,932 के स्तर पर ओपन हुआ। शुरुआती कारोबार के दौरान सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 18 में गिरावट और 12 में तेजी देखने को मिल रही है। आज के कारोबार में पावर और ऑटो शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी है। वहीं मेटल और रियल्टी शेयरों में गिरावट है।
इससे पहले कल बाजार ने आल टाइम हाई बनाया था। सेंसेक्स 69,744.62 के अब तक के सबसे उच्च स्तर पर पहुंच गया था, तो वहीं निफ्टी ने भी 20,961.95 का स्तर छुआ था।
पेटीएम का शेयर 20% तक गिरा
पेटीएम की पेरेंट कंपनी वन97 कम्युनिकेशन्स के शेयर में करीब 20% की गिरावट देखने को मिली है। इससे पहले कल भी इसका शेयर 3.23% टूटा था। शेयरों में ये गिरावट कंपनी द्वारा अपनी लोन स्ट्रैटजी में बदलाव करने के बाद से देखने को मिल रही है।
कंपनी के अनुसार वो अपने लोन बिजनेस को एक्सपेंड कर रहा है। 6 दिसंबर को कंपनी ने बताया कि इसके लिए वो बड़े बैंकों और NBFCs के साथ मिलकर बड़े साइज के पर्सनल लोन और मर्चेंट लोन ऑफर करेगा। इसमें लोअर रिस्क और हाई क्रेडिट वर्थी कस्टमर्स को टारगेट किया जाएगा। 50,000 से कम टिकट साइज के लोन डिस्ट्रीब्यूशन को वो कम करेगा।
इरकॉन की 8% हिस्सेदारी बेचेगी सरकार, शेयर गिरे
इरकॉन इंटरनेशनल के शेयर में भी करीब 8% की गिरावट है। ये 159 रुपए के करीब कारोबार कर रहा है। सरकार ने कंपनी में अपनी 8% हिस्सेदारी बेचने का ऐलान किया है जिस कारण शेयरों में गिरावट है। सरकार इससे 1100 करोड़ रुपए जुटाना चाहती है।
कंपनी ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए 3.76 करोड़ यानी 4% शेयर की बिक्री करेगी। इसके साथ ही 4% अतिरिक्त शेयरों की बिक्री का ग्रीन शू ऑप्शन रखा है। कंपनी 154 रुपए/शेयर के फ्लोर प्राइस पर इन शेयरों की बिक्री करेगी।
शेयर का फ्लोर प्राइस बुधवार के क्लोजिंग प्राइस 171.95 रुपए से 10% डिस्काउंट पर है। नॉन-रिटेल निवेशकों के लिए ये OFS आज यानी 7 दिसंबर से खुल गया है। वहीं रिटेल निवेशकों के लिए ये OFS 8 दिसंबर को खुलेगा।
अंबानी के नेटवर्क18 में मर्ज होगा TV18 और E-18 नेटवर्क
बिजनेस टाइकून मुकेश अंबानी के नेटवर्क18 ग्रुप ने नेटवर्क18 मीडिया एंड इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के साथ टीवी18 ब्रॉडकास्ट लिमिटेड के मर्जर का प्रस्ताव रखा है। टीवी18 ब्रॉडकास्ट के साथ-साथ e-Eighteen.com लिमिटेड का भी नेटवर्क18 में विलय हो जाएगा। e.Eighteen.com Ltd या E18 मनीकंट्रोल वेबसाइट और एप्लिकेशन को ऑपरेट करता है।
टेलीविजन और डिजिटल न्यूज बिजनेसेज को मजबूत करने के लिए ऐसा किया जा रहा है। ये मर्जर शेयर स्वैप डील के जरिए होगा। कंपनी ने कहा कि इस मर्जर के बाद उसके डिजिटल और TV नेटवर्क की पहुंच सबसे ज्यादा भाषाओं और क्षेत्रों में हो जाएगी। बुधवार, 6 दिसंबर अलग-अलग स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग में कंपनियों ने इसकी जानकारी दी।
कल 357 पॉइंट बढ़कर 69,653 के स्तर पर बंद हुआ था सेंसेक्स
इससे पहले कल यानी बुधवार को सेंसेक्स 357 पॉइंट बढ़कर 69,653 के स्तर पर बंद हुआ था। निफ्टी में भी 82 अंक की तेजी रही, यह 20,937 के स्तर पर बंद हुआ था। सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 20 में तेजी और सिर्फ 10 में गिरावट रही थी।