आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : हरियाणा में जहरीली शराब से होने वाली मौत का तांडव देख पुलिस सख्त हो गई है। DGP शत्रुजीत कपूर की मीटिंग के बाद हरियाणा पुलिस ने अवैध रूप से शराब बेचने वालों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। शनिवार से ही प्रदेशभर में ताबड़तोड़ छापेमारी हो रही है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रदेशभर में 210 लोगों को अवैध रूप से शराब बेचते हुए काबू किया है।

वहीं,अंबाला और यमुनानगर में जहरीली शराब पीने से 19 लोगों की मौत होने के बाद खुद DGP कपूर और ADGP AS चावला खुद पल-पल की अपडेट ले रहे हैं। शनिवार शाम को ADGP ने अंबाला की अवैध फैक्ट्री का निरीक्षण किया था।

अंबाला पुलिस का कहना है कि रविवार को कोई मौत नहीं हुई है, जल्द ही पुलिस इस मामले में बड़ा खुलासा कर सकती है। अंबाला पुलिस के मुताबिक, अवैध फैक्ट्री में तैयार हुई शराब की 200 पेटी यमुनानगर में ही सप्लाई हुई थी।

मरीज बोला-यमुनानगर में घर-घर बिकी अवैध शराब

जहरीली शराब पीने वाले यमुनानगर के गांव सारन निवासी पृथ्वीराज (40) को अंबाला कैंट के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में भर्ती पृथ्वी राज ने पोल खोलते हुए कहा कि ठेकों पर महंगी व बाहर अवैध रूप से बिक रही वही शराब सस्ती मिल रही थी।

मुनाफे के चक्कर में घर-घर शराब बेची जा रही थी। दावा किया कि हर मोहल्ले में दो से तीन घरों में शराब मिल जाएगी। यहीं कारण है कि अवैध शराब बेचने का काम काफी फल-फूल रहा था। गांव में जहरीली शराब से 5 लोगों की मौत हो चुकी है। एक साथ कई-कई चिता जलना ऐसा मंजर पहली बार देखा। गांव में मातम पसरा हुआ है।

20 रुपए में मिल जाती थी शराब

पृथ्वी राज ने बताया कि उसने भी ठेके से देसी शराब लेकर पी थी और उसकी तबीयत बिगड़ गई। घर-घर में बिकने वाली शराब 20 से लेकर कितने की भी मिल जाती थी। उसने 5 दिन पहले ही देसी शराब के ठेके से शराब का पव्वा खरीदा था, जिसे पीने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ी थी।

पृथ्वी राज को उल्टी लगने के साथ-साथ आंखों के आगे अंधेरा छाने जैसी दिक्कतें शुरू हुई थी। यमुनानगर के थाना छप्पर पुलिस ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज करेगी।

अंबाला-यमुनानगर में 19 की मौत

हरियाणा के अंबाला और यमुनानगर में अभी तक जहरीली शराब पीने से 19 लोग दम तोड़ चुके हैं। यमुनानगर में चौथे दिन शनिवार को भी 3 लोगों की मौत हुई थी। अंबाला में जान गंवाने वाले दोनों युवक UP के थे, जो अवैध फैक्ट्री पर ही शराब बनाते थे। इस मामले में हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने भी दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने निर्देश अंबाला-यमुनानगर SP को दिए हैं।

4 दिन से पकड़ में नहीं आया मास्टरमाइंड

यमुनानगर और अंबाला पुलिस ने 5 दिनों में 14 लोगों को गिरफ्तार किया है, लेकिन अंबाला में अवैध फैक्ट्री चलाने वाला मास्टरमाइंड अंकित उर्फ मोगली अभी तक पकड़ में नहीं आया। अंबाला और यमुनानगर पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं, लेकिन मास्टरमांइड का कहीं सुराग नहीं लगा है।

अभी तक गिरफ्तार होने वालों में अंबाला पुलिस ने खेत के मालिक उत्तम, पुनीत के अलावा शराब बनाने में शामिल आरोपी शेखर UP के गांव खिवाड़ (मेरठ) और प्रवीण गांव कुरथल (मुजफ्फरनगर), यमुनानगर पुलिस ने बुबका निवासी गौरव, कूलपुर के प्रदीप, थंबड (अंबाला) के कपिल पंडित व गौरव, पीर माजरा के रॉकी, मंडेबरी फरकपुर के रमेश उर्फ भिंडी, गांव मारुपुर के मांगे राम, भरहेड़ी के महेंद्र, गांव सारण के सुभाष और राधे को गिरफ्तार किया है। अंबाला पुलिस यमुनानगर पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए कंपिल पंडित को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ करेगी।