आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : तेलंगाना विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने रविवार 22 अक्टूबर को 52 कैंडिडेट्स की पहली लिस्ट जारी की। पार्टी ने राज्य में अपने 4 में से 3 सांसदों को टिकट दिया है। इसके अलावा राज्य में भाजपा के इकलौते विधायक टी राजा सिंह को भी टिकट मिला है।
टी राजा को अगस्त 2022 में सस्पेंड किया गया था। उन्होंने पैगंबर मोहम्मद को लेकर एक विवादित टिप्पणी की थी। ऐसे में उनको फिर से टिकट देने पर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुसलमीन (AIMIM) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने बीजेपी की आलोचना की।
ओवैसी ने सोशल मीडिया पर लिखा- BJP में नफरत फैलाने वालों को जल्दी प्रमोशन मिलता है। यकीन है नुपुर शर्मा को भी PM से आशीर्वाद मिलेगा।
राजा सिंह गौशमहल से मौजूदा विधायक, पिछले साल गिरफ्तार हुए थे
तेलंगाना भाजपा प्रमुख जी किशन रेड्डी ने रविवार को एक बयान में कहा कि भाजपा नेतृत्व ने गौशमहल से मौजूदा विधायक राजा सिंह के निलंबन को रद्द कर दिया है।
पिछले साल अगस्त में, राजा सिंह को एक वीडियो में इस्लाम और पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ उनकी विवादास्पद टिप्पणियों के बाद पार्टी से निलंबित कर दिया गया था। उस वीडियो को बाद में सोशल मीडिया से भी हटा दिया गया।
राजा को प्रिवेंटिव डिटेंशन एक्ट (PDA) के तहत अरेस्ट भी किया गया था। हालाँकि, नवंबर 2022 में तेलंगाना हाई कोर्ट ने उनके खिलाफ लगाए गए PD एक्ट को रद्द कर दिया और उन्हें जमानत दे दी गई। इस दौरान उनको भाजपा ने पार्टी से सस्पेंड कर दिया था।
पार्टी के सस्पेंशन वापस लेने के बाद टी राजा ने धन्यवाद दिया
पार्टी के सस्पेंशन वापस लेने के बाद टी राजा ने एक वीडियो मैसेज में पार्टी का धन्यवाद किया। राजा ने कहा- सबसे पहले, मैं मेरा निलंबन रद्द करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह, जेपी नड्डा, बीएल संतोष, राज्य भाजपा प्रमुख जी किशन रेड्डी और के लक्ष्मण को धन्यवाद देना चाहता हूं। मुझे यह भी पता चला कि मुझै गौशमहल से मैदान में उतारा गया है। इसलिए, मैं अपना आभार व्यक्त करता हूं।
पूरी खबर पढ़ने से पहले इस पोल में हिस्सा लेकर अपनी राय जरूर दें…
तेलंगाना BJP के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष को करीमनगर से टिकट
भाजपा ने सांसद और पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बंदी संजय कुमार को करीमनगर से टिकट दिया है। इसके अलावा सांसद सोयम बापू राव को बोआथ और धर्मापूरी अरविंद को कोरातला से प्रत्याशी बनाया है। पार्टी के चौथे सांसद केंद्रीय मंत्री और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जी किशन रेड्डी को लेकर अभी कोई फैसला नहीं आया है।
तेलंगाना की 119 सीटों पर 30 नवंबर को चुनाव होंगे
तेलंगाना की 119 सीटों पर 30 नवंबर को चुनाव होंगे। चुनाव आयोग ने 9 अक्टूबर को तेलंगाना, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान और मिजोरम में मतदान के तारीख की घोषणा की थी। पांचों राज्यों में 3 दिसंबर को चुनाव के नतीजे आएंगे।