आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : चैटजीपीटी बनाने वाली कंपनी OpenAI के को-फाउंडर सैम ऑल्टमैन और ग्रेग ब्रॉकमैन कंपनी में वापसी करेंगे। सैम की CEO और ग्रेग की प्रेसिडेंट के तौर पर वापसी के लिए नया बोर्ड बनाया गया है। OpenAI के पिछले बोर्ड ने शनिवार को दोनों को नौकरी से निकाल दिया था।
OpenAI ने कहा- ‘हम सैम ऑल्टमैन के लिए ब्रेट टेलर (चेयरमैन), लैरी समर्स और एडम डी’एंजेलो के नए बोर्ड के साथ CEO के रूप में वापसी के लिए एक एग्रीमेंट पर पहुंच गए हैं।’ वहीं ग्रेग ब्रॉकमैन ने कहा कि OpenAI में लौट रहा हूं और आज रात से कोडिंग शुरू।
ऑल्टमैन ने कहा- मुझे OpenAI से प्यार है
सैम ऑल्टमैन ने X पोस्ट में लिखा- ‘मुझे OpenAI से प्यार है, और बीते कुछ दिनों में मैनें जो कुछ भी किया वो टीम और इसके मिशन को एकजुट रखने के लिए किया। जब मैंने रविवार शाम को माइक्रोसॉफ्ट में शामिल होना तय किया था, तो यह साफ था कि मेरे और मेरी टीम के लिए यही सबसे अच्छा रास्ता है। नए बोर्ड और सत्या के सपोर्ट के साथ, मैं ओपनाई में लौटने और माइक्रोसॉफ्ट के साथ हमारी मजबूत साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हूं।’
इफेक्टिव गवर्नेंस के लिए पहला कदम
माइक्रोसॉफ्ट CEO सत्या नडेला ने कहा- ‘हम OpenAI के बोर्ड में हुए बदलाव से प्रोत्साहित हैं। हमारा मानना है कि यह ज्यादा स्टेबल, वेल इनफॉर्म्ड और इफेक्टिव गवर्नेंस के लिए पहला कदम है। सैम और ग्रेग से मैंने बात की है। हम अपनी मजबूत पार्टनरशिप को आगे बढ़ाने, अपने कस्टमर्स और पार्टनर्स को नेक्स्ट जनरेशन AI की वैल्यू प्रोवाइड करने के लिए तत्पर हैं।’
पूरा मामले समझें…
18 नवंबर: OpenAI के फाउंडर और CEO सैम ऑल्टमैन को शुक्रवार अचानक कंपनी से निकाल दिया गया। बोर्ड ने कहा कि अब उन्हें ऑल्टमैन की काबिलियत पर भरोसा नहीं है। चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर (CTO) मीरा मुराती अब अंतरिम CEO की भूमिका निभाएंगी। कंपनी के को-फाउंडर और प्रेसिडेंट ग्रेग ब्रॉकमैन को भी पद छोड़ने के लिए कहा गया।
19 नवंबर: सैम को निकाले जाने के बाद OpenAI के कई एम्प्लॉइज और इन्वेस्टर्स ने उन्हें वापस लाने के लिए बोर्ड पर दबाव बनाया। एम्प्लॉइज और इन्वेस्टर चाहते थे कि ऑल्टमैन की CEO के तौर पर वापसी हो और OpenAI का नया बोर्ड बनाया जाए।
20 नवंबर: एम्प्लॉइज-इन्वेस्टर्स के दबाव के कारण ऑल्टमैन और ब्रॉकमैन को कंपनी के सैन फ्रांसिस्को मुख्यालय बुलाया गया। ऑल्टमैन ने OpenAI गेस्ट बैज पहने हुए अपनी एक तस्वीर शेयर की और कैप्शन दिया: पहली और आखिरी बार मैंने इनमें से एक को पहना है।
मीरा मुराति की जगह ट्विच के पूर्व CEO एम्मेट शियर को अंतरिम CEO बना दिया गया। वहीं सैम ने कहा कि वो माइक्रोसॉफ्ट जॉइन करेंगे। माइक्रोसॉफ्ट CEO सत्या नडेला ने इसकी जानकारी दी थी। उन्होंने बताया था कि सैम कंपनी की नई एडवांस AI रिसर्च टीम लीड करेंगे। ब्रॉकमैन और कुछ अन्य कर्मचारी भी जॉइन करेंगे।
21 नवंबर: मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया- ऑल्टमैन और ब्रॉकमैन का माइक्रोसॉफ्ट में जाना अभी तय नहीं है। उन्हें निकालने वाले बोर्ड मेंबर अगर पद छोड़ दें तो दोनों की वापसी हो सकती है। माइक्रोसॉफ्ट CEO ने कहा कि कर्मचारी तय करें कि क्या वे माइक्रोसॉफ्ट जॉइन करना चाहते हैं या नहीं। मैं दोनों विकल्पों के लिए तैयार हूं।
कर्मचारी तय करें कि क्या वे माइक्रोसॉफ्ट जॉइन करना चाहते हैं
ऑल्टमैन के माइक्रोसॉफ्ट में शामिल होने को लेकर सत्या नडेला ने CNBC से भी बात की थी। इसमें नडेला से सवाल किया गया कि क्या सैम और openAi के 700 कर्मचारी माइक्रोसॉफ्ट में शामिल होंगे? नडेला ने कहा- ‘यह OpenAI बोर्ड, मैनेजमेंट और कर्मचारियों को चुनना है।
मैं दोनों विकल्पों के लिए तैयार हूं। माइक्रोसॉफ्ट लगातार इनोवेशन करना चाहता है, इसके लिए उसने OpenAI के साथ एक्सक्लूसिव पार्टनशरशिप की है।’ वहीं माइक्रोसॉफ्ट की OpenAI के बोर्ड में पद को लेकर कहा कि यह साफ है कि गवर्नेंस में कुछ बदलाव होना चाहिए।
OpenAI एम्प्लॉइज ने बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स से पद छोड़ने को कहा था
OpenAI से ऑल्टमैन को निकाले जाने के बाद वहां के एम्प्लॉइज ने कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स से पद छोड़ने को कहा था। ऐसा नहीं करने पर 700 में से 505 एम्प्लॉइज ने सामूहिक रूप से इस्तीफा देने की धमकी दी थी। इस्तीफे की धमकी देने वालों में बोर्ड मेंबर इल्या सुतस्केवर और चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर (CTO) मीरा मुराती भी शामिल थी।
इल्या सुतस्केवर ने ही ऑल्टमैन को वीडियो कॉल पर उन्हें निकाले जाने की जानकारी दी थी। वहीं मीरा मुराती को बोर्ड ने ऑल्टमैन को निकाले जाने के बाद अंतरिम CEO की जिम्मेदारी दी थी। हालांकि कंपनी ने सोमवार को ट्विच के पूर्व CEO एम्मेट शियर को OpenAI में अंतरिम CEO बना दिया। CNN ने इस्तीफे की धमकी देने से जुड़ा लेटर X पर पोस्ट किया था।