आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : चैटजीपीटी को बनाने वाली कंपनी OpenAI ने को-फाउंडर और CEO सैम ऑल्टमैन को पद से हटा दिया है। बोर्ड को अब उनकी काबिलियत पर भरोसा नहीं है, इसलिए उन्हें अपने पद से इस्तीफा देना पड़ रहा है। OpenAI ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी।
चीफ टेक्नोलॉजी ऑफिसर (CTO) मीरा मुराती अब अंतरिम CEO की भूमिका निभाएंगी। कंपनी परमानेंट CEO की सर्च भी जारी रखेगी। इसके अलावा, कंपनी प्रेसिडेंट ग्रेग ब्रॉकमैन भी इस्तीफा देंगे। उन्होंने बताया कि सैम को गूगल मीट पर पद छोड़ने को कहा गया।
सैन फ्रांसिस्को बेस्ड OpenAI एक प्राइवेट रिसर्च लैब है जो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस डेवलप करती है। इसकी स्थापना 2015 में ऑल्टमैन, एलन मस्क (जो अब OpenAI के बोर्ड में नहीं हैं) और अन्य लोगों ने एक नॉन-प्रॉफिट आर्गनाइजेशन के रूप में की थी।
OpenAI में बिताया समय पसंद आया
सैम ऑल्टमैन ने CEO का पद छोड़ने को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा- ‘मुझे OpenAI में अपना समय बहुत पसंद आया। यह व्यक्तिगत रूप से मेरे लिए और उम्मीद है कि दुनिया के लिए थोड़ा परिवर्तनकारी था। मुझे ऐसे प्रतिभाशाली लोगों के साथ काम करना भी पसंद आया। अब आगे क्या करूंगा इसके बारे में बहुत कुछ कहना है।’
OpenAI के को-फाउंडर्स ने फैसले पर हैरानी जताई…
OpenAI के प्रेसिडेंट और को-फाउंडर ग्रेग ब्रॉकमैन ने सैम ऑल्टमैन को कंपनी से निकाले जाने पर हैरानी जताई। उन्होंने X पर लिखा-
बोर्ड ने आज जो किया उससे सैम और मैं हैरान और दुखी हैं।
सबसे पहले उन सभी लोगों को धन्यवाद जिनके साथ हमने ओपनएआई में काम किया है। हमारे कस्टमर्स, हमारे इन्वेस्टर्स और उन सभी को धन्यवाद जो हम तक पहुंच रहे हैं।
हम अभी भी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि वास्तव में क्या हुआ है।
वो बातें जो हम जानते हैं:
– कल रात, सैम को इल्या से एक टेक्स्ट मिला जिसमें शुक्रवार को दोपहर में बात करने के लिए कहा गया। सैम गूगल मीट में शामिल हुए और ग्रेग यानी मुझे छोड़कर पूरा बोर्ड वहां मौजूद था। इल्या ने सैम को बताया कि उन्हें नौकरी से निकाला जा रहा है और यह खबर जल्द ही बाहर आने वाली है।
– दोपहर 12:19 बजे, मुझे इल्या से एक टेक्स्ट मिला जिसमें तुरंत कॉल करने के लिए कहा गया था। दोपहर 12:23 बजे इल्या ने गूगल मीट लिंक भेजा। बताया गया कि मुझे बोर्ड से हटाया जा रहा है, लेकिन कंपनी से निकाला नहीं जा रहा है। सैम को निकाल दिया गया था। लगभग उसी समय, OpenAI ने एक ब्लॉग पोस्ट पब्लिश किया।
– जहां तक हम जानते हैं, मैनेजमेंट टीम को इसके बारे में तुरंत ही बता दिया गया था। मीरा को भी एक रात पहले ही इस बारे में पता चल गया था।
कृपया चिंतित होने में समय बर्बाद न करें। हम ठीक हो जाएंगे। बड़ी चीजें जल्द ही आ रही हैं।